पटाखा निर्माण क्षेत्र का आधुनिकीकरण जरूरी है : केरल भाजपा प्रमुख

Ads

पटाखा निर्माण क्षेत्र का आधुनिकीकरण जरूरी है : केरल भाजपा प्रमुख

  •  
  • Publish Date - April 24, 2026 / 01:33 PM IST,
    Updated On - April 24, 2026 / 01:33 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 24 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के प्रमुख राजीव चंद्रशेखर ने त्रिशूर में हाल में हुए विस्फोट के मद्देनजर पटाखे निर्माण क्षेत्र के आधुनिकीकरण का शुक्रवार को आह्वान किया। इस हादसे में 14 लोगों की जान चली गई थी।

चंद्रशेखर ने फेसबुक और ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा कि त्रिशूर जिले के मुंडाथिकोड में पटाखा निर्माण इकाई में हुआ विस्फोट इस बात की याद दिलाता है कि श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस क्षेत्र को आधुनिक बनाने की आवश्यकता है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने इसे अस्वीकार्य बताया कि 2026 में भी श्रमिक इस तरह की दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।

उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, ‘हम 2026 में जी रहे हैं। लोगों के ऐसी त्रासदियों का शिकार होने का कोई कारण नहीं है। त्रिशूर में मुंडाथिकोड पटाखा दुर्घटना एक भीषण चेतावनी है कि सुरक्षा मानकों को तत्काल उन्नत किया जाए और इस उद्योग में श्रमिकों के जीवन की रक्षा की जाए।’

एक दिन पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला ने भी भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पटाखे निर्माण के आधुनिक और वैज्ञानिक तरीकों की आवश्यकता पर जोर दिया था।

पटाखा कारखाने में विस्फोट 21 अप्रैल की दोपहर को हुआ और आशंका है कि घटना के समय लगभग 40 लोग घटनास्थल पर मौजूद थे।

यह कारखाना 26 अप्रैल को होने वाले त्रिशूर पूरम उत्सव से पहले थिरुवंबडी देवस्वओम के लिए पटाखे बना रहा था।

अधिकारियों के अनुसार, कम से कम 14 लोगों की मौत हो चुकी है और चार लोग अब भी लापता हैं।

अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल से 100 से अधिक क्षत विक्षत अंग बरामद किए गए हैं और डीएनए परीक्षण के लिए सुरक्षित रखे गए हैं, जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

बृहस्पतिवार को यह निर्णय लिया गया कि त्रिशूर पूरम समारोह को सीमित रूप से मनाया जाएगा, हालांकि अनुष्ठान पहले की तरह ही होंगे।

राज्य सरकार द्वारा बुलायी गयी एक बैठक के बाद अधिकारियों ने बताया कि पूरम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा आतिशबाजी नहीं की जाएगी। बैठक में मंत्री, केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी, जिला कलेक्टर और परमेकावु और थिरुवंबडी देवस्वओम के प्रतिनिधि शामिल थे।

भाषा तान्या गोला

गोला