मोदी ने चुनाव के समय दौरे करने के अलावा पंजाब के लिए कुछ नहीं किया : कांग्रेस नेता वडिंग

Ads

मोदी ने चुनाव के समय दौरे करने के अलावा पंजाब के लिए कुछ नहीं किया : कांग्रेस नेता वडिंग

  •  
  • Publish Date - July 17, 2026 / 07:58 PM IST,
    Updated On - July 17, 2026 / 07:58 PM IST

चंडीगढ़, 17 जुलाई (भाषा) कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर आरोप लगाया कि उन्होंने अपने 12 साल के कार्यकाल में पंजाब के लिए कुछ नहीं किया और उनकी राज्य की यात्राएं केवल चुनावी लाभ हासिल करने के उद्देश्य से होती हैं।

प्रधानमंत्री के पंजाब दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए वडिंग ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनावों से पहले पुराने वादों को दोहराने के अलावा मोदी के पास राज्य को देने के लिए कुछ नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि 2017 से केंद्र सरकार ने पंजाब के साथ भेदभाव किया है। उन्होंने सवाल किया कि क्या राज्य को उसका ‘‘उचित हक’’ तभी मिलेगा, जब पंजाब में भाजपा की सरकार बनेगी।

कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री पर विभाजनकारी राजनीति करने का भी आरोप लगाया और कहा कि लोगों के बीच ध्रुवीकरण करने के प्रयास पंजाब में सफल नहीं होंगे।

वडिंग ने कहा कि पंजाब को आर्थिक और कृषि क्षेत्र के पुनर्निर्माण की जरूरत है। उन्होंने केंद्र सरकार से किसानों से किए गए वादों को पूरा करने की मांग की, जिनमें न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी और कृषि ऋण माफी शामिल हैं।

वडिंग ने राज्य में उद्योगों को फिर से मजबूत करने, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने, सीमावर्ती जिलों के लिए विशेष पैकेज देने, किसानों को सहायता प्रदान करने और नशे की समस्या के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की भी मांग की।

प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को जालंधर से 5,470 करोड़ रुपये की रेलवे और सड़क बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

बाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा और कहा कि केवल भाजपा ही पंजाब में वास्तविक बदलाव ला सकती है।

पंजाब में विधानसभा चुनाव अगले वर्ष होने हैं।

भाषा शफीक पवनेश

पवनेश