मोदी सरकार ने पश्चिम बंगाल के लोगों को भूखा मार देने के लिए राज्य का बकाया रोक रखा है:अभिषेक
मोदी सरकार ने पश्चिम बंगाल के लोगों को भूखा मार देने के लिए राज्य का बकाया रोक रखा है:अभिषेक
कोलकाता, पांच अप्रैल (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने रविवार को नरेन्द्र मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस को बार-बार सत्ता में पहुंचाने पर पश्चिम बंगाल के लोगों को भूखा मार देने के लिए उसने पिछले पांच वर्षों से राज्य का बकाया रोक रखा है।
पुरबा बर्धमान जिले के रैना में पार्टी प्रत्याशी मंदिरा डोलुई के समर्थन में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए, तृणमूल महासचिव अभिषेक बनर्जी ने कहा कि अगर वह सच नहीं बोल रहे हैं, तो भाजपा सबूतों के साथ उनका खंडन करे और उन्हें जेल भेज दे।
उन्होंने कहा, ‘‘केंद्र ने राज्य की परियोजनाओं के लिए एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की बकाया राशि जारी नहीं की है। उसने ऐसा पश्चिम बंगाल के गरीब लोगों को भूखा मारने के लिए किया है, क्योंकि उन्होंने लगातार विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस को सत्ता में पहुंचाया।’’
डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा कि लेकिन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस चुनौती का डटकर सामना किया और ग्रामीण रोजगार के लिए ‘कर्मश्री’, आवास के लिए ‘बंग्लार बारी’ और पेयजल आपूर्ति परियोजनाओं जैसी योजनाओं को राज्य के अपने संसाधनों से चलाया।
अभिषेक बनर्जी तृणमूल में पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी के बाद दूसरे नंबर के नेता हैं। पार्टी इस विधानसभा चुनाव में चौथी बार सत्ता में आने की जुगत में लगी है।
तृणमूल महासचिव ने श्रोताओं से रूबरू होते हुए कहा, ‘‘ तृणमूल कांग्रेस आपके चेहरे पर मुस्कान देखना चाहती है, जबकि मोदी आपकी आंखों में आंसू देखना चाहते हैं क्योंकि आपने लगातार चुनावों में भाजपा को नकार दिया है। आपको भूखा मारने की इस साजिश को लेकर आप बंगाल विरोधी पार्टी को मुंहतोड़ जवाब दें।’’
ममता बनर्जी सरकार द्वारा शुरू की गई जनहितैषी कदमों का जिक्र करते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा कि बंगाल की 24 लाख महिलाओं को ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना के तहत हर महीने पैसा मिल रहा है और यह परियोजना जारी रहेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हमारे राज्य का पैसा रोके जाने के बाद, दो वर्षों में ‘बंग्लार बारी’ योजना के तहत 32 लाख लोगों को घर दिए गए हैं। अगले पांच वर्षों में, हमारी सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि राज्य के सभी वंचित व्यक्तियों के पास रहने के लिए छत हो।’’
बनर्जी ने कहा, ‘‘मैं भाजपा को चुनौती देता हूं कि अगर मैं झूठ बोलूं तो मुझे जेल में डाल दे।’’
उन्होंने भाजपा पर उनके साथ सार्वजनिक रूप से सीधी बहस करने से डरने का आरोप लगाया है।
भाषा राजकुमार रंजन
रंजन

Facebook


