राजस्थान को बदनाम कर रहे हैं मोदी : गहलोत

राजस्थान को बदनाम कर रहे हैं मोदी : गहलोत

राजस्थान को बदनाम कर रहे हैं मोदी : गहलोत
Modified Date: August 3, 2023 / 10:05 pm IST
Published Date: August 3, 2023 10:05 pm IST

जयपुर, तीन अगस्त (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हाल ही में मणिपुर की घटना पर बयान देते समय राजस्थान का जिक्र करने को लेकर एक बार फिर बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा और कहा कि ‘‘वह राजस्थान को बदनाम कर रहे हैं।’’

गहलोत ने कहा कि अपराध हर राज्य में होते हैं और सवाल किया कि प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश जैसे भाजपा शासित राज्यों में हो रहे अपराधों पर क्यों नहीं बोलते हैं?

मुख्यमंत्री आवास पर एक कार्यक्रम के बाद उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी चाहे राजस्थान की कितनी भी आलोचना करें, उनकी भाषा को देखते हुए मुझे लगता है कि वह घबरा गए हैं … मणिपुर से राजस्थान व छत्तीसगढ़ को जोड़ने का क्या तुक है बताइए?… आप हमारे प्रदेश को बदनाम कर रहे हैं।’’

गहलोत ने कहा बलात्कार, हत्या और अपराध हर राज्य में होते हैं लेकिन राजस्थान में तत्काल कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि मोदी को मणिपुर के साथ कम से कम राजस्थान का नाम तो नहीं लेना चाहिए था।

गहलोत ने कहा कि उनकी सरकार ने जनता की भलाई के लिए काम किया है।

संसद का मानसून सत्र शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र करके घुमाए जाने की घटना पर कहा था, ‘‘घटना चाहे राजस्थान की हो, चाहे छत्तीसगढ़ की हो या फिर मणिपुर की… हिंदुस्तान के किसी भी कोने में किसी भी राज्य की सरकार को राजनीतिक वाद-विवाद से ऊपर उठकर कानून व्यवस्था को महत्व देना चाहिए और नारी के सम्मान की रक्षा करनी चाहिए।’’

भाषा पृथ्‍वी कुंज अर्पणा

अर्पणा


लेखक के बारे में