मोदी ने रेलवे, राजमार्ग परियोजनाओं पर मंत्रिमंडल के फैसलों की सराहना की

मोदी ने रेलवे, राजमार्ग परियोजनाओं पर मंत्रिमंडल के फैसलों की सराहना की

मोदी ने रेलवे, राजमार्ग परियोजनाओं पर मंत्रिमंडल के फैसलों की सराहना की
Modified Date: August 19, 2026 / 09:06 pm IST
Published Date: August 19, 2026 9:06 pm IST

नयी दिल्ली, 19 अगस्त (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को चार रेलवे परियोजनाओं और बिहार में चार लेन वाली राजमार्ग परियोजना को केंद्रीय मंत्रिमंडल से मंजूरी मिलने का स्वागत किया और कहा कि इन पहल से संपर्क, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

मोदी ने कहा कि आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में रेलवे बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी को बढ़ावा दिया गया है।

प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मंत्रिमंडल ने चार प्रमुख परियोजनाओं को मंजूरी दी है, जिससे भारतीय रेलवे नेटवर्क की क्षमता बढ़ेगी और लाखों लोगों को फायदा होगा। इन परियोजनाओं के कई फायदे होंगे, जैसे यात्रियों की आवाजाही और माल ढुलाई को बेहतर बनाना, भीड़-भाड़ कम करना, लॉजिस्टिक्स की क्षमता बढ़ाना और कनेक्टिविटी, व्यापार और पर्यटन को बेहतर बनाना।’’

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि बिहार के सर्वांगीण विकास के प्रयासों में कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार बहुत जरूरी है।

उन्होंने कहा, ‘‘इस दिशा में, आज हमारी सरकार ने मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी-सोनबरसा खंड पर एनएच-22 के चार लेन वाले हिस्से के निर्माण को मंजूरी दी है। यह परियोजना, जो पूरे राज्य के लिए जीवन रेखा साबित होगी, तरक्की का एक नया अध्याय शुरू करेगी। इससे न केवल यात्रा में समय की बचत होगी, बल्कि आर्थिक गतिविधियों और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।’’

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को 3,590.73 करोड़ रुपये की लागत से बिहार में मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी-सोनबरसा खंड के राष्ट्रीय राजमार्ग-22 को चार लेन के मानक के अनुरूप उन्नत करने की मंजूरी दे दी।

मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी-सोनबरसा खंड राष्ट्रीय माल परिवहन नेटवर्क से निर्बाध संपर्क सुनिश्चित करने के लिहाज से रणनीतिक और आर्थिक रूप से काफी महत्वपूर्ण है।

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने रेल मंत्रालय की चार परियोजनाओं को मंजूरी दी। इन परियोजनाओं पर लगभग 9,450 करोड़ रुपये की लागत आएगी।

प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति (सीसीईए) ने इन परियोजनाओं को मंजूरी दी।

इन परियोजनाओं में पश्चिम बंगाल के खड़गपुर से ओडिशा के भद्रक (रानिताल) के बीच 173 किलोमीटर लंबी चौथी रेल लाइन का निर्माण और ओडिशा में भद्रक से हरिदासपुर के बीच 75 किलोमीटर लंबी चौथी लाइन का निर्माण शामिल है।

इसके अलावा आंध्र प्रदेश के गुम्मिडीपुंडी से तमिलनाडु के गुडूर के बीच 90 किलोमीटर लंबी तीसरी और चौथी रेल लाइन बिछाने तथा ओडिशा में कटक से पारादीप (बदबांधा) के बीच 72 किलोमीटर लंबी तीसरी और चौथी लाइन बिछाने की परियोजना को भी मंजूरी दी गई है।

भाषा

शफीक देवेंद्र

देवेंद्र


लेखक के बारे में