मोदी ने कतर के अमीर से की बात, भारत में निवेश के लिए टास्क फोर्स गठित करने का फैसला

Ads

मोदी ने कतर के अमीर से की बात, भारत में निवेश के लिए टास्क फोर्स गठित करने का फैसला

  •  
  • Publish Date - December 8, 2020 / 12:58 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:45 PM IST

नयी दिल्ली, आठ दिसंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल सानी ने मंगलवार को निवेश के प्रवाह और ऊर्जा सुरक्षा के क्षेत्र में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने का संकल्प लिया और खाड़ी देश द्वारा भारत में निवेश को आगे बढ़ाने के लिए एक विशेष टास्क फोर्स गठित करने का फैसला किया।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, मोदी ने टेलीफोन पर हुई इस बातचीत के दौरान अल सानी को कतर के आगामी राष्ट्रीय दिवस की शुभकामनाएं दीं।

कतर के अमीर ने शुभकामनाओं के लिए मोदी को धन्यवाद कहा और वहां के राष्ट्रीय दिवस समारोहों में भारतीय समुदाय की भागीदारी की सराहना की। उन्होंने मोदी को दीपावली की बधाई भी दी।

मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘मेरे अच्छे मित्र मीर शेख तमीम बिन हमद अल सानी से बहुत सुखद वार्ता हुई। कतर के राष्ट्रीय दिवस पर मैंने उन्हें शुभकामनाएं दीं। भारत की ऊर्जा सुरक्षा में कतर एक महत्वपूर्ण स्तंभ और प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का एक अहम स्रोत है। सभी क्षेत्रों में हम अपने संबंधों को और मजबूत बनाने पर सहमत हुए।’’

पीएमओ के मुताबिक, दोनों नेताओं ने दोनों देशों के बीच निवेश के प्रवाह और ऊर्जा सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने को लेकर चर्चा की और इस दिशा में हाल में हुई सकारात्मक वृद्धि की समीक्षा भी की।

पीएमओ की ओर से जारी बयान में कहा गया कि दोनों नेताओं ने कतर निवेश प्राधिकरण द्वारा भारत में निवेश को और सुविधाजनक बनाने के लिए एक विशेष टास्क फोर्स गठित करने का फैसला किया। दोनों नेताओं ने भारत में समग्र ऊर्जा मूल्य-श्रृंखला में कतर के निवेश की संभावनाएं तलाशने का निश्चय किया।

दोनों नेताओं ने लगातार संपर्क में बने रहने और कोविड-19 महामारी से उत्पन्न स्थिति के सामान्य होने के बाद मिलने पर भी सहमति जताई।

भाषा ब्रजेन्द्र

ब्रजेन्द्र मनीषा

मनीषा

मनीषा