राजस्थान में मानसून अभी सक्रिय रहेगा, कई जिलों में भारी से अतिभारी बारिश की चेतावनी
राजस्थान में मानसून अभी सक्रिय रहेगा, कई जिलों में भारी से अतिभारी बारिश की चेतावनी
जयपुर, 31 जुलाई (भाषा) राजस्थान में मानसून की सक्रियता फिलहाल बनी रहने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अतिभारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
विभाग के अनुसार, पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, अजमेर और उदयपुर संभाग के अधिकांश क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा। इस दौरान मध्यम से कहीं-कहीं तेज बारिश होने की प्रबल संभावना है।
मौसम विभाग ने कोटा, उदयपुर संभाग तथा आसपास के जिलों में कहीं-कहीं भारी से अतिभारी वर्षा की चेतावनी जारी की है।
वहीं, पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ क्षेत्रों में भी वर्षा की गतिविधियों में वृद्धि होने का अनुमान है। विशेष रूप से जोधपुर संभाग के दक्षिणी हिस्सों में 31 जुलाई से दो अगस्त के बीच कहीं-कहीं भारी से अतिभारी वर्षा हो सकती है।
उधर, शुक्रवार सुबह तक बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि बांसवाड़ा जिले में भारी वर्षा हुई। इस अवधि में सबसे अधिक 69 मिलीमीटर वर्षा बांसवाड़ा जिले के कुशलगढ़ में दर्ज की गई।
भाषा पृथ्वी खारी
खारी

Facebook


