जयपुर, नौ सितंबर (भाषा) राजस्थान में मानसून के कमजोर पड़ने से बारिश की गतिविधियों में कमी आई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक हफ्ते तक मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा व उदयपुर संभाग के अधिकतर भागों में आगामी चार दिन तथा पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के ज्यादातर भागों में आगामी पांच दिन कमजोर मानसून परिस्थितियां दर्ज होने की पूरी संभावना है।
बंगाल की खाड़ी से लगे उत्तरी आंध्र प्रदेश तथा दक्षिणी उड़ीसा तट के आसपास 11 सितंबर को एक और नया कम दबाव का क्षेत्र बन सकता है। इसके असर से पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में 12 सितंबर से हल्की से मध्यम बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है।
बुधवार सुबह तक, बीते चौबीस घंटे में राज्य के अलवर, भरतपुर, डीग, दौसाव करौली जिले में कहीं—कहीं पर हल्की बारिश हुई जबकि बाकी भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। इस दौरान सबसे अधिक, 10.0 मिलीमीटर बारिश नगर (भरतपुर) में दर्ज की गई।
भाषा पृथ्वी मनीषा
मनीषा