नयी दिल्ली, छह सितंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने मोनू पोचनपुरिया गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है, जिसके खिलाफ हत्या समेत 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के कब्जे से दो अवैध पिस्तौल और 16 कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, राजीव डागर उर्फ मोनू पोचनपुरिया (46) को 24 अगस्त को जनकपुरी इलाके में उस समय पकड़ा गया, जब वह कार से जा रहा था।
पुलिस ने बताया कि डागर ने पुलिस टीम को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। पुलिस ने बताया कि उसके पास से एक अवैध पिस्तौल और 10 कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान उसकी निशानदेही पर मटियाला गांव स्थित उसके ठिकाने से एक और पिस्तौल तथा छह कारतूस बरामद किए गए।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप