कर्नाटक में 200 से अधिक तालुकों को सूखा प्रभावित घोषित किए जाने की संभावना: उपमुख्यमंत्री

कर्नाटक में 200 से अधिक तालुकों को सूखा प्रभावित घोषित किए जाने की संभावना: उपमुख्यमंत्री

कर्नाटक में 200 से अधिक तालुकों को सूखा प्रभावित घोषित किए जाने की संभावना: उपमुख्यमंत्री
Modified Date: September 20, 2026 / 05:22 pm IST
Published Date: September 20, 2026 5:22 pm IST

दावणगेरे (कर्नाटक), 20 सितंबर (भाषा) उपमुख्यमंत्री जी परमेश्वर ने रविवार को कहा कि कर्नाटक में 200 से अधिक तालुकों को सूखा प्रभावित सूची में शामिल किए जाने की संभावना है क्योंकि सरकार निर्धारित मानदंडों और जमीनी आकलन के आधार पर चरणबद्ध तरीके से इनका आकलन कर रही है।

उन्होंने कहा कि पहले चरण में 101 तालुकों को सूखा प्रभावित घोषित किया गया था जिसके बाद 24 और तालुकों को इस सूची में शामिल किया गया। अगले तीन से चार दिनों में 52 और तालुकों को सूखा प्रभावित घोषित किए जाने की संभावना है।

उन्होंने कहा कि अगले चरण में करीब 50 और तालुकों में जमीनी स्तर पर जांच की जाएगी जिसके बाद आकलन के आधार पर फैसला लिया जाएगा।

राजस्व विभाग का प्रभार संभाल रहे परमेश्वर ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘अभी उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर राज्यभर में 200 से अधिक तालुकों के सूखा प्रभावित सूची में शामिल किए जाने की संभावना है।’’

उन्होंने कहा कि मानसून समाप्त होने तक स्थिति की समीक्षा जारी रहेगी। जगलुरु जैसे तालुक को अभी तक इस सूची में शामिल नहीं किया गया है लेकिन निर्धारित मानदंडों को पूरा करने पर अगले चरणों में इसे सूखा प्रभावित घोषित किया जा सकता है।

परमेश्वर ने कहा कि राज्य में सूखे की स्थिति और पश्चिमी घाट के पारिस्थितिक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों पर कस्तूरीरंगन रिपोर्ट पर चर्चा करने के लिए राज्य विधानसभा का तीन दिवसीय विशेष सत्र बुलाया गया है।

उन्होंने कहा कि इस सत्र के दौरान सूखे के कारण हुए नुकसान, किसानों को सहायता और केंद्र सरकार से मांगी गई राहत पर चर्चा की जाएगी तथा साथ ही विपक्ष के विचारों को भी ध्यान में रखा जाएगा।

भाषा प्रचेता नरेश

नरेश


लेखक के बारे में