आयुष्मान भारत योजना के तहत 44.73 करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी: सरकार

आयुष्मान भारत योजना के तहत 44.73 करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी: सरकार

आयुष्मान भारत योजना के तहत 44.73 करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी: सरकार
Modified Date: July 28, 2026 / 06:10 pm IST
Published Date: July 28, 2026 6:10 pm IST

नयी दिल्ली, 28 जुलाई (भाषा) सरकार ने मंगलवार को बताया कि आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएमजेएवाई) के तहत 44.73 करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं, तथा योजना के तहत अस्पतालों में 12.69 लोगों के इलाज पर 1.92 लाख करोड़ रुपये का खर्च आया।

राज्यसभा को एक सवाल के लिखित जवाब में केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने बताया कि 22 जुलाई, 2026 तक एबी-पीएमजेएवाई के तहत कुल 44.73 करोड़ आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके थे।

उन्होंने लिखित जवाब में कहा कि 30 जून, 2026 तक इस योजना के तहत अस्पताल में 12.69 करोड़ लोगों का इलाज किया गया जिन पर 1.92 लाख करोड़ रुपये का खर्च आया। इसके माध्यम से पात्र लाभार्थियों को नकदी रहित उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

जाधव ने बताया कि मौजूदा राष्ट्रीय स्वास्थ्य लाभ पैकेज (एचबीपी-2022) के तहत 27 चिकित्सा विशेषज्ञताओं में 1,961 उपचार पैकेजों के माध्यम से नकदी रहित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि इन पैकेजों में विभिन्न प्रकार की द्वितीयक और तृतीयक स्वास्थ्य सेवाएं शामिल हैं। इनमें कैंसर, हृदय संबंधी रोग, गुर्दे की पुरानी बीमारी, मधुमेह से जुड़ी जटिलताएं, स्ट्रोक, लंबे समय तक चलने वाली श्वसन संबंधी बीमारियां, तंत्रिका संबंधी विकार और यकृत रोग जैसी गैर-संचारी बीमारियों का इलाज भी शामिल है।

स्वास्थ्य राज्य मंत्री ने कहा कि सरकार देशभर में स्थापित करीब 1.86 लाख आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से स्वास्थ्य व्यवस्था को भी मजबूत कर रही है। ये केंद्र नागरिकों के लिए प्राथमिक संपर्क बिंदु के रूप में काम करते हैं और प्राथमिक, द्वितीयक तथा तृतीयक स्वास्थ्य सेवाओं के बीच कड़ी का काम करते हैं।

उन्होंने कहा कि देश की बढ़ती स्वास्थ्य जरूरतों को पूरा करने के लिए नए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) और मेडिकल कॉलेजों की स्थापना के माध्यम से तृतीयक स्वास्थ्य ढांचे का भी बड़े पैमाने पर विस्तार किया गया है।

भाषा मनीषा अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में