राजस्थान में पल्स पोलियो अभियान के तहत एक करोड़ से अधिक बच्चों को खुराक पिलाई जाएगी
राजस्थान में पल्स पोलियो अभियान के तहत एक करोड़ से अधिक बच्चों को खुराक पिलाई जाएगी
जयपुर, 27 जून (भाषा) राजस्थान में तीन दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत 28 जून से बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।
अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि 1.04 करोड़ से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने शनिवार को बताया कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत 28 जून से 30 जून तक राज्य के 1.04 करोड़ से अधिक बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।
अभियान के पहले दिन पर पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों को बूथ पर दवा पिलाई जाएगी तथा अगले दो दिन पर घर-घर जाकर टीमों के द्वारा बच्चों को खुराक पिलाई जाएगी ताकि दवा पीने से कोई भी बच्चा वंचित नहीं रहे।
खींवसर ने एक बयान में बताया कि पांच साल तक के बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने के लिए राज्य में 59,217 बूथ स्थापित किए गए हैं एवं 75,232 टीमें बनाई गई हैं। अभियान में 1.38 लाख से अधिक स्वास्थ्य कर्मी एवं अन्य विभागों के कार्मिक सक्रिय रूप से भाग लेंगे।
प्रमुख शासन सचिव (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) गायत्री राठौड़ ने बताया कि अभियान के पहले दिन सभी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी।
अभियान में प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मी, एएनएम, आशा सहयोगिनी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तैनात रहेंगे। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे पांच वर्ष तक के अपने बच्चों को बूथों पर लाकर पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं।
भाषा पृथ्वी
संतोष
संतोष

Facebook


