तमिलनाडु के अधिकांश दलों ने विधानसभा चुनाव एक ही चरण में कराने का अनुरोध किया: निर्वाचन आयोग
तमिलनाडु के अधिकांश दलों ने विधानसभा चुनाव एक ही चरण में कराने का अनुरोध किया: निर्वाचन आयोग
चेन्नई, 26 फरवरी (भाषा) तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बृहस्पतिवार को यहां राजनीतिक दलों से परामर्श किया और इस दौरान अधिकांश पार्टियों ने एक ही चरण में चुनाव कराने का अनुरोध किया। निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
दलों ने चुनाव के दौरान धनबल के प्रयोग और मुफ्त सौगातों के वितरण पर अंकुश लगाने के लिए कड़े उपायों की मांग की।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू व विवेक जोशी, राज्य की मुख्य निर्वाचन अधिकारी अर्चना पटनायक और आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने यहां राष्ट्रीय व राज्य स्तर के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ चर्चा की।
अधिकारियों ने बताया कि तमिलनाडु में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के शांतिपूर्ण और सुचारू संचालन के लिए अधिकांश राजनीतिक दलों ने आयोग की सराहना की।
उन्होंने बताया, “अधिकांश राजनीतिक दलों ने आयोग से एक ही चरण में चुनाव कराने का अनुरोध किया।”
आम आदमी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, कांग्रेस और राष्ट्रीय जन पार्टी के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
राज्य के दलों की बात करें तो अन्नाद्रमुक, द्रमुक, डीएमडीके, नाम तमिलर काची और विदुथलाई चिरुथाइगल काची ने भाग लिया।
तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव इस साल अप्रैल में होने हैं।
राजनीतिक दलों ने आयोग से चुनाव के दौरान धनबल के इस्तेमाल और मुफ्त सौगातों के वितरण पर अंकुश लगाने के लिए कड़े कदम उठाने का आग्रह किया।
कुछ राजनीतिक दलों ने चुनाव के दौरान कदाचार को रोकने के लिए उड़न दस्तों की संख्या बढ़ाने की मांग की।
ज्ञानेश कुमार ने सभी राजनीतिक दलों को आश्वासन दिया कि चुनाव हमेशा कानून के अनुसार, स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराए जाते हैं।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने सभी दलों को आश्वासन दिया कि आयोग प्रलोभन से संबंधित सभी गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई करेगा।
दलों ने आयोग से चुनाव तिथियों को अंतिम रूप देते समय त्योहारों को ध्यान में रखने का भी आग्रह किया और कुमार ने आश्वासन दिया कि इस पर विचार किया जाएगा।
भाषा जितेंद्र पवनेश
पवनेश

Facebook


