कोलकाता में तेज़ रफ्तार बस ने मोटरसाइकिल सवार को कुचला

Ads

कोलकाता में तेज़ रफ्तार बस ने मोटरसाइकिल सवार को कुचला

  •  
  • Publish Date - November 6, 2021 / 02:18 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:24 PM IST

कोलकाता, छह नवंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के दक्षिणी इलाके में बाघा जतिन फ्लाईओवर पर शनिवार सुबह एक तेज़ रफ्तार बस ने एक मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी, जिसके कारण मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

‘सर्वे पार्क’ पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा कि यह दुर्घटना सुबह करीब नौ बजे हुई जब गड़िया से बागबाजार की ओर जा रही एक निजी बस ने मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मारने के बाद उस पर सवार व्यक्ति को कुचल दिया।

दुर्घटना के बाद बस का चालक चलती हुई बस से कूद गया। इसके कारण बस में सवार कुछ यात्री घायल हो गए। बस में सवार एक यात्री किसी तरह से तेज़ रफ्तार बस को रोकने में कामयाब रहा।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘कुछ स्थानीय लोग यातायात पुलिस के एक कर्मचारी की मदद से गंभीर रूप से घायल मोटरसाइकिल सवार को एक अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।’’

बस का चालक फरार हो गया जबकि पुलिस ने टिकट संवाहक को हिरासत में लेकर बस को कब्जे में ले लिया।

भाषा रवि कांत शाहिद

शाहिद

शीर्ष 5 समाचार