दिल्ली के सोनिया विहार में सड़क दुर्घटना में बाइक सवार की मौत

Ads

दिल्ली के सोनिया विहार में सड़क दुर्घटना में बाइक सवार की मौत

  •  
  • Publish Date - November 2, 2025 / 07:47 PM IST,
    Updated On - November 2, 2025 / 07:47 PM IST

नयी दिल्ली, दो नवंबर (भाषा) उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में एक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार 41 वर्षीय शख्स की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी रविवार को दी।

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान प्रमोद शर्मा के तौर पर हुई है। पुलिस ने बताया कि शर्मा की बाइक की टक्कर एक अन्य दोपहिया वाहन से हो गई थी जिसके बाद वह सड़क पर गिर गया और एक अज्ञात वाहन ने उसे कुचल दिया।

उन्होंने बताया कि यह घटना 30 अक्टूबर को रात करीब 10 बजे अन्नपूर्णा मंदिर के पास हुई।

पुलिस के अनुसार, सोनिया विहार थाने में एक सड़क दुर्घटना की सूचना मिली जिसके बाद एक टीम मौके पर पहुंची और सड़क पर दो मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ी मिलीं।

उन्होंने बताया कि शर्मा नामक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शर्मा को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अधिकारी ने कहा, ‘प्रारंभिक जांच से पता चला है कि दोनों मोटरसाइकिल आपस में टकरा गई थी और दुर्घटना के तुरंत बाद, एक अज्ञात वाहन ने उनमें से एक को कुचल दिया। घटना के बाद उस वाहन का चालक मौके से फरार हो गया।’

पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जीटीबी अस्पताल भेज दिया गया है और प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना का क्रम जानने और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने के लिए आसपास के लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपियों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।

भाषा तान्या नोमान

नोमान