बारिश से प्रभावित मैच में अफगानिस्तान ने गुरबाज के शतक से बनाए 194 रन

Ads

बारिश से प्रभावित मैच में अफगानिस्तान ने गुरबाज के शतक से बनाए 194 रन

  •  
  • Publish Date - June 13, 2026 / 08:43 PM IST,
    Updated On - June 13, 2026 / 08:43 PM IST

धर्मशाला, 13 जून (भाषा) भारत के लिए पदार्पण कर रहे हर्ष दुबे और गुरनूर बरार ने तीन तीन झटके देकर प्रभावित किया जिससे अफगानिस्तान की टीम विकेटकीपर बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज (51 गेंद में 102 रन) के शतक के बावजूद शनिवार को यहां बारिश से प्रभावित पहले वनडे में 24.5 ओवर में 194 रन पर सिमट गई।

लगातार बारिश के कारण मैच शुरू होने में चार घंटे 15 मिनट की देरी हुई, लेकिन आसमान साफ होने के बाद बेहतरीन ‘ड्रेनेज सिस्टम’ (पानी निकासी प्रणाली) से ज्यादा समय बर्बाद नहीं हुआ। इससे मैच को घटाकर 25-25 ओवर का कर दिया गया और उम्मीद के मुताबिक भारत ने टॉस जीतकर विपक्षी टीम को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया।

टी20 क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले गुरबाज स्पष्ट सोच के साथ मैदान पर उतरे और उन्होंने अपनी पारी के दौरान आठ चौके और इतने ही छक्के जमाए।

शुरुआत में गेंद हवा में थोड़ी स्विंग हो रही थी, लेकिन गुरबाज ने शुरू से ही आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने अर्शदीप की गेंद पर कट लगाकर चौका जड़ा और फिर आगे बढ़कर बाएं हाथ के तेज गेंदबाज की गेंद को सीधे मैदान के ऊपर से छक्के के लिए भेजा।

दाएं हाथ के तेज गेंदबाज बरार इससे पहले लंबे समय तक भारतीय टीम के साथ नेट गेंदबाज रहे थे, उन्होंने अपने पहले ओवर में लगातार 145 किमी प्रति घंटा से ज्यादा की रफ्तार से गेंदबाजी की और गेंद को बाहर की ओर स्विंग कराया। इस तरह उन्होंने पदार्पण में 4.5 ओवर में 27 रन देकर तीन विकेट झटके।

वहीं पदार्पण करने वाले बांए हाथ के स्पिनर दुबे ने भी 47 रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए। अर्शदीप सिंह ने 27 रन और नीतिश कुमार रेड्डी ने 31 रन देकर दो दो विकेट लिए।

बरार की शुरुआती कुछ गेंदें फुल लेंथ से बाहर की ओर स्विंग हुईं। जिसके बाद उन्होंने अपनी लेंथ को कम करते हुए सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जदरान को गलती करने पर मजबूर किया जो हवा में शॉट खेलने की कोशिश में मिड-ऑफ पर कैच आउट हो गए। पंजाब के इस तेज गेंदबाज को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तुरंत सफलता मिल गई।

अर्शदीप के सेदिकुल्लाह अटल को पगबाधा आउट करने के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 16 रन पर दो विकेट हो गया। फिर रहमत शाह भी अर्शदीप की गेंद पर पुल शॉट खेलने के प्रयास में आउट हो गए और स्कोर तीन विकेट पर 26 रन हो गया।

गुरबाज 14 रन के निजी स्कोर पर आउट हो सकते थे, लेकिन अर्शदीप और भारत ने रिव्यू नहीं लेने का फैसला किया। गुरबाज ने मौके का फायदा उठाते हुए नौंवा वनडे शतक जड़ दिया।

उन्होंने अपने आक्रामक खेल से दुबे समेत सभी गेंदबाजों पर दबाव बनाया। दुबे के पहले दो ओवरों में 26 रन बने जिसमें गुरबाज ने उनकी दो शॉर्ट गेंदों पर मिड-विकेट के ऊपर से छक्के जड़े।

गुरबाज ने बरार की एक शॉर्ट गेंद पर भी छक्का लगाया और प्रसिद्ध कृष्णा और वाशिंगटन सुंदर जैसे गेंदबाजों की भी जमकर धुनाई की। हालांकि नीतीश कुमार ने सधी हुई गेंदबाजी की और दो विकेट भी लिए।

16वें ओवर में गुरबाज के आउट होने से रन गति धीमी हो गई और अफगानिस्तान गुरबाज द्वारा मिली मजबूत नींव का पूरा फायदा नहीं उठा सका।

दुबे ने अपने दूसरे स्पेल में अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी (30 गेंदों पर 27 रन), आक्रामक ऑलराउंडर अजमतुल्लाह उमरजई (16 गेंदों पर 26 रन) और एएम गजनफर को आउट करके विकेटों का खाता खोला।

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द