नयी दिल्ली, नौ अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने हत्या के एक मामले में दो लोगों को वारदात के कुछ घंटों के अंदर उत्तर पश्चिम दिल्ली के रानी बाग इलाके में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि उन्हें बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12:30 बजे बीएसए अस्पताल से चाकू से वार करने से घायल हुए व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत की सूचना मिली।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘इसमें शामिल लोगों का पता लगाने के लिए कई टीमें गठित की गईं। विशिष्ट सूचनाओं के आधार पर, एपीजय स्कूल के पास एक जाल बिछाया गया।’
उन्होंने बताया कि पुलिस ने संदिग्धों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने कथित रूप से गोलीबारी कर दी।
अधिकारी के मुताबिक, पुलिस ने भी जवाबी गोलीबारी की। बाद में दोनों को काबू में कर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि एक संदिग्ध के पैर में गोली लगी है।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव