नाबालिग की हत्या: पीड़ित के परिवार का छतरपुर में प्रदर्शन, भारी पुलिस बल तैनात

Ads

नाबालिग की हत्या: पीड़ित के परिवार का छतरपुर में प्रदर्शन, भारी पुलिस बल तैनात

  •  
  • Publish Date - June 2, 2026 / 06:24 PM IST,
    Updated On - June 2, 2026 / 06:24 PM IST

नयी दिल्ली, दो जून (भाषा) दिल्ली के एक रेस्तरां में 17 वर्षीय लड़के की गोली मारकर हत्या के मामले में अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए पीड़ित के परिजनों ने मंगलवार को यहां प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सीडीआर चौक पर जाम लगाया। स्थित के मद्देनजर छतरपुर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

किशोर के अंतिम संस्कार से पहले तनाव व्याप्त होने के कारण पुलिस ने इलाके की ओर जाने वाली सड़कों पर बैरिकेड लगाए और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त कर्मियों को तैनात किया।

इस मामले में न्याय की मांग को लेकर बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी एकत्र हुए। इस दौरान परिवार के कुछ सदस्यों और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई।

जनता के बढ़ते आक्रोश के बीच, एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि मुख्य आरोपी नाबालिग है और उसपर जघन्य अपराधों से संबंधित प्रावधानों के तहत बालिग की तरह मुकदमा चलाने के प्रयास जारी हैं।

अधिकारी ने कहा,“कानून में यह प्रावधान है कि जघन्य अपराधों से जुड़े मामलों में नाबालिग पर बालिग की तरह मुकदमा चलाया जा सकता है। हम इस मामले में मुख्य आरोपी पर बालिग की तरह मुकदमा चलाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।”

पुलिस ने बताया कि विरोध प्रदर्शन के कारण इलाके में और उसके आसपास यातायात प्रभावित हुआ।

यातायात संबंधी परामर्श के अनुसार, एसएसएन मार्ग और छतरपुर मंदिर मार्ग पर भारी जाम की सूचना मिली है। मैदान गढ़ी, राजपुर खुर्द, चंदन होला, डेरा, शनि धाम और भाटी माइंस की ओर जाने वाले आस-पास के मार्गों पर भी यातायात प्रभावित रहने की संभावना है, विशेष रूप से व्यस्त समय के दौरान।

इस क्षेत्र से गुजरने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे जाम के दौरान वाई-पॉइंट के पास छतरपुर मंदिर मार्ग और एसएसएन मार्ग से बचें और जहां भी संभव हो वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।

पीड़ित की एक रिश्तेदार ने कहा, ‘हमने उसे एक अच्छा नागरिक बनाने के लिए स्कूल भेजा, लेकिन आज वह हमारे बीच नहीं है। उसकी मां के दर्द की कल्पना कीजिए, जिसका वह इकलौता बेटा था।’

रिश्तेदार ने कहा ‘अब जब वह चला गया है, तो हम उसके लिए न्याय चाहते हैं। जिसने भी उसकी जान ली है, उसे कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। हम बस यही चाहते हैं कि न्याय मिले ताकि उसकी आत्मा को शांति मिले।”

अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं वहां पहुंचीं तथा और दिनभर लोग आते रहे। स्थानीय लोगों ने हत्या पर आक्रोश व्यक्त किया और चेतावनी दी कि अगर सभी आरोपियों को न्याय के कटघरे में नहीं लाया गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके के एक रेस्तरां में 26 मई को किशोर 12वीं कक्षा की परीक्षा देने के बाद अपनी महिला मित्र के साथ बैठा था। इस दौरान अन्य समूह से कहासुनी के बाद एक लड़के ने उसके सिर में गोली मार दी थी। लगभग एक सप्ताह तक वेंटिलेटर सपोर्ट पर रहने के बाद सोमवार को एम्स ट्रॉमा सेंटर में किशोर ने दम तोड़ दिया।

परिवार के सदस्यों ने कहा कि जब कुछ युवकों ने नाबालिग के साथ आई लड़की के साथ दुर्व्यवहार किया तो उसने आपत्ति जताई। उन्होंने दावा किया कि आरोपी बाद में पिस्तौल लेकर लौटा, उस पर हमला किया और उसके सिर में गोली मार दी।

शुरू में हत्या के प्रयास का इस मामला दर्ज किया गया था और इसे अपराध शाखा को सौंप दिया गया और लड़के की मौत के बाद प्राथमिकी में हत्या की धारा भी जोड़ ली गई है। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी नाबालिग समेत तीन लोगों को पकड़ लिया गया है।

एक अधिकारी ने बताया, ‘चौथा संदिग्ध अब भी फरार है, लेकिन जल्द ही उसकी गिरफ्तारी की उम्मीद है। घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार और वाहन बरामद कर जब्त कर लिया गया है।’

इस मामले में पुलिस ने 28 मई को 16 वर्षीय संदिग्ध शूटर को हिरासत में ले लिया और उसके पास से एक स्वचालित पिस्तौल बरामद की गई। पुलिस ने एक अन्य आरोपी, जय कुमार को भी गिरफ्तार किया।

भाषा नोमान

नोमान पवनेश

पवनेश