एमवी ओशन विनर: भारतीय तटरक्षक बल ने खोजबीन अभियान तेज किया,अतिरिक्त संसाधन मुहैया कराया
एमवी ओशन विनर: भारतीय तटरक्षक बल ने खोजबीन अभियान तेज किया,अतिरिक्त संसाधन मुहैया कराया
नयी दिल्ली, 26 अगस्त (भाषा) बंगाल की खाड़ी में 22 अगस्त को डूबे पनामा के ध्वज वाले मालवाहक पोत ‘एमवी ओशन विनर’ के चालक दल के लापता शेष सदस्यों की तलाश जारी है। अधिकारियों ने बताया कि भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी)के विमान और अन्य संसाधन तथा वाणिज्यिक जहाज क्षेत्र में व्यापक खोजबीन अभियान चला रहे हैं।
इस पोत पर कुल 24 चालक दल सदस्य सवार थे, जिनमें से 20 चीनी, एक बांग्लादेशी और म्यांमा के तीन नागरिक शामिल थे। सिंगापुर जा रहा यह पोत ओडिशा के पारादीप तट से करीब 240 समुद्री मील दूर बंगाल की खाड़ी में डूब गया था।
भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) के प्रवक्ता ने मंगलवार रात कहा, “लापता चालक दल सदस्यों के लिए खोज और बचाव प्रयासों को बीजिंग स्थित समुद्री बचाव समन्वय केंद्र (एमआरसीसी) के साथ समन्वय में और बढ़ाया गया है।’’
अधिकारी ने बताया कि तटरक्षक बल के अतिरिक्त संसाधन और वाणिज्यिक जहाज तैनात किए जा रहे हैं और तलाशी अभियान को तेज करने के लिए उनका समन्वय किया जा रहा है।
आईसीजी ने खोज एवं बचाव अभियान के लिए अपने तीन पोत तैनात किए थे। आईसीजी के पोत ‘वरद’ और ‘अनमोल’ को तलाशी अभियान में लगाया गया, जबकि ‘विजित’ को अभियान को मजबूती देने के लिए श्री विजय पुरम से रवाना किया गया।
आईसीजी प्रवक्ता ने बताया कि श्री विजय पुरम स्थित समुद्री बचाव समन्वय केंद्र (एमआरसीसी) ने आसपास मौजूद वाणिज्यिक पोत एमटी ऐसोपोस को जहाज या जीवन रक्षक नौकाओं की तलाश करने और सहायता उपलब्ध कराने के लिए भेजा था। इस पोत ने 22 अगस्त को करीब रात आठ बजे दो जीवन रक्षक नौकाओं पर सवार दो जीवित बचे लोगों को बचाया था।
आईसीजी पोत ‘वरद’ क्षेत्र में मौजूद वाणिज्यिक जहाजों के साथ समन्वय करते हुए चालक दल के शेष सदस्यों की व्यापक तलाश कर रहा है।
अधिकारी ने कहा कि जारी खोज एवं बचाव अभियान को और मजबूत करने के लिए तटरक्षक बल के अतिरिक्त संसाधन तैनात किए जा रहे हैं।
अधिकारियों ने इससे पहले बताया था कि यह पोत ओडिशा से लौह अयस्क लेकर जा रहा था।
भाषा संतोष माधव
माधव

Facebook


