नगालैंड उपचुनाव प्रचार: हिंसा के बीच प्रचार समाप्त, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू
नगालैंड उपचुनाव प्रचार: हिंसा के बीच प्रचार समाप्त, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू
कोहिमा, सात अप्रैल (भाषा) नगालैंड में पिछले 48 घंटों में हिंसा की कई खबरों के बीच कोरिडांग (सुरक्षित) विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए प्रचार मंगलवार को समाप्त हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि रविवार और सोमवार को हुई हिंसा में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई, कई लोग घायल हुए, कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और 16 लोगों को हिरासत में लिया गया।
हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए गए, जिससे कानून-व्यवस्था को लेकर चिंताएं बढ़ गईं। निर्वाचन क्षेत्र के तीन गांवों में रात्रि कर्फ्यू लगा दिया गया है।
इस बीच, प्रमुख दलों के नेताओं ने चुनाव प्रचार में हिस्सा लिया।
नेशनल पीपुल्स पार्टी के अध्यक्ष कॉनराड के. संगमा ने उम्मीदवार आई. अबेनजांग के लिए प्रचार किया, जबकि उपमुख्यमंत्री यानथुंगो पैटन के नेतृत्व में भाजपा नेताओं ने पीपुल्स लोकतांत्रिक गठबंधन (पीडीए) के उम्मीदवार दाओचिर आई इमचेन का समर्थन किया।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) प्रभारी सप्तगिरि शंकर उलाका और प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एवं सांसद एस. सुपोंगमेरेन जमीर सहित कांग्रेस नेताओं ने उम्मीदवार टी. चालुकुम्बा एओ का समर्थन किया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी भाग्यश्री बनायत ने मंगलवार को शाम चार बजे के बाद कड़े नियम लागू किए हैं, जिसके तहत रैलियों, सभाओं और चुनाव सामग्री के वितरण सहित सभी प्रकार के प्रचार पर रोक लगा दी गई है।
उन्होंने सभी गैर-स्थानीय राजनीतिक कार्यकर्ताओं को निर्वाचन क्षेत्र छोड़ने का निर्देश भी दिया है, जबकि जिला प्रशासन और पुलिस ने अनुपालन सुनिश्चित करने और आगे किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए निगरानी बढ़ा दी है।
भाजपा के पांच बार के विधायक इम्कोंग एल. इमचेन के 75 वर्ष की आयु में 11 नवंबर को निधन के बाद उपचुनाव कराने की आवश्यकता पड़ी।
मोकोकचुंग जिले के अंतर्गत कोरिडांग सीट पर होने वाले इस उपचुनाव में छह उम्मीदवार मैदान में हैं।
मतदान नौ अप्रैल को निर्धारित है, जबकि मतों की गिनती चार मई को होगी।
भाषा
राखी सुरेश
सुरेश

Facebook


