शिमला, चार मार्च (भाषा) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को कहा कि राज्यसभा की एकमात्र सीट के लिए कांग्रेस उम्मीदवार का नाम बृहस्पतिवार को नामांकन दाखिल करने के समय घोषित किया जाएगा।
सुक्खू ने होली के अवसर पर यहां मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि उम्मीदवार प्रदेश से ही होगा।
राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि पांच मार्च है और मतदान 16 मार्च को होगा।
वर्ष 2020 में निर्विरोध चुनी गईं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता इंदु गोस्वामी का छह साल का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, जिस कारण यह चुनाव हो रहा है।
सुक्खू ने जोर देकर कहा, “ चुनाव को लेकर न तो कोई अनिश्चितता है और न ही कोई डर।”
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को ‘पिछली बार की तरह बेचा नहीं जाएगा’।
हिमाचल प्रदेश की 68 सदस्य विधानसभा में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत प्राप्त है, जिससे उसकी जीत निश्चित है।
हालांकि, पिछले राज्यसभा चुनाव में मिली करारी हार का डर अब भी बना हुआ है, जहां 40 विधायकों और तीन निर्दलीय विधायकों के समर्थन के बावजूद कांग्रेस, भाजपा से हार गई थी।
फरवरी 2024 में हुए पिछले चुनाव में भाजपा उम्मीदवार हर्ष महाजन ने कांग्रेस के अभिषेक मनु सिंहवी को हराया था।
कांग्रेस के छह विधायकों ने भाजपा के पक्ष में मतदान किया था, जिसकी वजह से दोनों उम्मीदवारों के बीच मुकाबला बराबरी पर आ गया था।
तीनों निर्दलीय विधायकों ने भी कांग्रेस के खिलाफ मतदान किया था और दोनों उम्मीदवारों को 34-34 मत मिले थे।
वर्तमान में राज्य विधानसभा में कांग्रेस के 40 और भाजपा के 28 सदस्य हैं।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस विधायक दल की बैठक पांच मार्च को बुलाई गई है।
भाषा जितेंद्र रंजन
रंजन