विशेष पुनरीक्षण में लाखों ‘संदिग्ध मतदाताओं’ के नाम हटा दिए गए: हिमंत

Ads

विशेष पुनरीक्षण में लाखों ‘संदिग्ध मतदाताओं’ के नाम हटा दिए गए: हिमंत

  •  
  • Publish Date - February 11, 2026 / 12:33 PM IST,
    Updated On - February 11, 2026 / 12:33 PM IST

गुवाहाटी, 11 फरवरी (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को दावा किया कि राज्य में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (एसआर) के दौरान लाखों ‘संदिग्ध मतदाताओं’ के नाम हटा दिए गए।

शर्मा ने कहा कि यह नाम एसआर के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की शिकायतों के आधार पर हटाए गए।

शर्मा की यह टिप्पणी निर्वाचन आयोग द्वारा असम की अंतिम मतदाता सूची जारी किए जाने के एक दिन बाद आई है। आयोग ने मसौदा सूची से 2.43 लाख से अधिक नाम हटाए हैं।

शर्मा ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, “यह तो बस शुरुआत है। विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान ऐसे और लोगों के नाम हटाए जाएंगे।”

उन्होंने कहा कि धमकियों और डराने-धमकाने के बावजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘संदिग्ध मतदाताओं’ के खिलाफ शिकायतें दर्ज कराईं।

दावों और आपत्तियों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंगलवार को असम की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई, जिसमें कुल 2.49 करोड़ मतदाता शामिल हैं। यह संख्या मसौदा सूची की तुलना में 0.97 प्रतिशत कम है।

शर्मा ने यह भी कहा, “अवैध बांग्लादेशी मुस्लिम (प्रवासियों) के खिलाफ युद्ध जारी रहेगा।”

भाषा खारी गोला

गोला