नंद किशोर यादव ने नगालैंड के नए राज्यपाल के रूप में शपथ ली
नंद किशोर यादव ने नगालैंड के नए राज्यपाल के रूप में शपथ ली
कोहिमा, 13 मार्च (भाषा) नंद किशोर यादव ने शुक्रवार को लोक भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में नगालैंड के नए राज्यपाल के रूप में शपथ ली।
गुवाहाटी उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति आशुतोष कुमार ने मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो और विधानसभा अध्यक्ष शेरिंगैन लोंगकुमेर की उपस्थिति में नंद किशोर यादव को राज्यपाल पद की शपथ दिलाई।
यादव को पांच मार्च को नगालैंड के 23वें राज्यपाल के रूप में नियुक्त किया गया था।
उन्होंने अजय कुमार भल्ला का स्थान लिया, जो नगालैंड के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे। भल्ला मणिपुर के राज्यपाल के रूप में अपना कार्य जारी रखेंगे।
राज्यपाल के शपथ ग्रहण समारोह में राज्य के मंत्री, विधायक, आदिवासी संगठनों के प्रतिनिधि, वरिष्ठ नौकरशाह और पुलिस तथा सुरक्षाबलों के अधिकारी भी मौजूद थे।
शपथ ग्रहण समारोह के बाद राज्यपाल ने मुख्यमंत्री और राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों से बातचीत की।
राज्य की जनता को संबोधित करते हुए यादव ने कहा कि नगालैंड भारत की समृद्ध और विविधतापूर्ण संस्कृति में एक विशेष स्थान रखता है।
उन्होंने कहा, ‘‘ यह राज्य अपनी जीवंत सांस्कृतिक विरासत, मजबूत सामुदायिक मूल्यों और यहां के लोगों के स्नेह और जुझारूपन के लिए जाना जाता है। नगा लोगों की परंपराएं और भावनाएं न केवल राज्य के लिए बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए गर्व का स्रोत हैं।’’
यादव ने इस बात पर बल दिया कि भारत उल्लेखनीय परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है और हाल के वर्षों में पूर्वोत्तर क्षेत्र में विशेष रूप से कनेक्टिविटी, बुनियादी ढांचे और आर्थिक विकास पर नए सिरे से ध्यान और निवेश किया गया है।
राज्य में स्थायी शांति, स्थिरता और विकास की जनता की आकांक्षाओं को सर्वोपरि मानते हुए यादव ने कहा, ‘‘शांति और सद्भाव सतत प्रगति की नींव हैं, और सामूहिक प्रयासों तथा आपसी समझ के साथ, नगालैंड समृद्धि के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहेगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं नगालैंड के लोगों के साथ मिलकर शांति की स्थिति को मजबूत करने, विकास को प्रोत्साहित करने और इस अद्भुत राज्य की अनूठी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के लिए काम करने को उत्सुक हूं।’’
भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश
नरेश

Facebook


