मिजोरम के चम्फाई में 23 करोड़ रुपये से अधिक के मादक पदार्थ जब्त

Ads

मिजोरम के चम्फाई में 23 करोड़ रुपये से अधिक के मादक पदार्थ जब्त

  •  
  • Publish Date - March 20, 2026 / 12:38 PM IST,
    Updated On - March 20, 2026 / 12:38 PM IST

आइजोल, 20 मार्च (भाषा) असम राइफल्स ने पूर्वी मिजोरम के चम्फाई जिले में एक लावारिस वाहन से 23 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की मेथम्फेटामाइन की गोलियां जब्त की हैं। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर, असम राइफल्स और पुलिस कर्मियों ने एक संयुक्त अभियान चलाया, जिसके दौरान बृहस्पतिवार को हमुनमेलथा रोड के पास असम के पंजीकरण नंबर प्लेट वाली गाड़ी से 7.9 किलोग्राम प्रतिबंधित सामान जब्त किया गया।

उन्होंने बताया कि जब्त किए गए मादक पदार्थ का अनुमानित बाजार मूल्य 23.73 करोड़ रुपये है।

अधिकारी ने आशंका जताई कि सुरक्षा बलों की मौजूदगी का आभास होते ही मादक पदार्थ तस्कर मौके से फरार हो गए।

मेथम्फेटामाइन की गोलियों को वाहन के साथ आगे की जांच के लिए चम्फाई स्थित उत्पाद शुल्क एवं मादक पदार्थ विभाग को सौंप दिया गया है।

मेथम्फेटामाइन को ‘क्रेजी ड्रग’ भी कहा जाता है। यह एक शक्तिशाली नशीला पदार्थ है जो भारत में प्रतिबंधित है।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान जारी है।

भाषा तान्या मनीषा

मनीषा