शिलांग, सात मार्च (भाषा) मेघालय पुलिस ने पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले से 51 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए हैं और इस सिलसिले में मिजोरम के दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि राज्य में यह नशीले पदार्थों की अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी है।
उन्होंने बताया कि यह जब्ती शुक्रवार को राताचेर्रा इलाके में पुलिस और मादक पदार्थ रोधी कार्य बल (एएनटीएफ) के नाकों पर संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान की गई।
अभियान के दौरान एक वाहन को रोककर कानूनी प्रक्रिया के तहत उसकी तलाशी ली गई। वाहन में चालक समेत तीन लोग सवार थे।
अधिकारी ने बताया कि तलाशी के दौरान प्लास्टिक के 19 साबुन के डिब्बे बरामद किए गए, जिनमें 203.7 ग्राम वजन की संदिग्ध हेरोइन मिली। यह डिब्बे तीनों लोगों में से एक के कब्जे से बरामद किए गए।
उन्होंने बताया कि वाहन की तलाशी के दौरान उसमें सवार एक अन्य व्यक्ति के नीले रंग के ट्रॉली बैग की भी जांच की गई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि बैग से 10.145 किलोग्राम वजन की संदिग्ध क्रिस्टल मेथ (मेथामफेटामाइन) की गोलियां बरामद की गईं।
‘मेथ’ की गोलियां भारत में प्रतिबंधित हैं।
उन्होंने बताया कि वाहन में सवार तीन लोगों में से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है।
प्रारंभिक जांच से संकेत मिलता है कि वे अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय सीमा पार मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का हिस्सा हैं।
एएनटीएफ प्रमुख विकास कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘जब्त किए गए मादक पदार्थों की कुल कीमत करीब 51.13 करोड़ रुपये आंकी गई है।’
अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में एएनटीएफ थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और इस जब्ती के संबंध में जांच जारी है।
भाषा
प्रचेता गोला
गोला