नयी दिल्ली, 30 अगस्त (भाषा) दक्षिण दिल्ली में 2022 में गैंगवार से जुड़े हत्या मामले में वांछित और घोषित अपराधी तथा कथित रूप से नासिर-शाहरुख गिरोह के प्रमुख सहयोगी को पुलिस ने अहमदाबाद के एक होटल से गिरफ्तार किया है। आरोपी वहां अपनी पहचान छिपाकर ठहरा हुआ था। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
अपराध शाखा की एक टीम ने सुमित गुप्ता उर्फ केशव को गिरफ्तार किया। गुप्ता 27 मई, 2022 को मदनगीर में हुई गोलीबारी की घटना के संबंध में हत्या के आरोप में आंबेडकर नगर थाने में दर्ज प्राथमिकी में वांछित था।
पुलिस के अनुसार, इलाके में वर्चस्व को लेकर प्रतिद्वंद्वी गिरोहों के सदस्यों के बीच झड़प हो गई थी। इस घटना के दौरान रोहित (29) और गुलशन (28) नामक दो लोगों को गोली लगी थी। बाद में रोहित की अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि गुप्ता को इस मामले में गिरफ्तार किया गया था और 2024 में उसे अंतरिम जमानत मिल गई थी, लेकिन जमानत की अवधि खत्म होने के बाद वह फरार हो गया। साकेत की एक अदालत ने 26 मई, 2025 को उसे फरार अपराधी घोषित कर दिया था।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘अपराध शाखा की टीम ने लगातार तकनीकी निगरानी की और खुफिया जानकारी तथा गुप्त सूत्रों के माध्यम से उसके ठिकाने के बारे में जानकारी जुटाई।’’
अधिकारी ने बताया कि आरोपी के अहमदाबाद में होने की जानकारी मिलने के बाद एक टीम गुजरात गई और कई होटलों में तलाशी अभियान चलाया। आखिरकार गुप्ता को एक होटल से गिरफ्तार कर लिया गया, जहां वह कथित तौर पर फर्जी नाम से ठहरा हुआ था।
इसके बाद उसे एक अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने दावा किया कि गुप्ता स्थानीय अपराधियों रविंदर उर्फ राजू और विशाल उर्फ बंटी के संपर्क में था, जिन्हें नासिर गिरोह का करीबी सहयोगी बताया गया है।
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप