पठानकोट, 18 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार को कहा कि पंजाब को नशे के अभिशाप से मुक्त कराना होगा और नशा विरोधी अभियान को राज्य के हर कोने तक पहुंचाया जाना चाहिए।
भाजपा अध्यक्ष ने यहां एकता स्थल से राज्यव्यापी नशा विरोधी चार यात्राओं में से पहली यात्रा को रवाना किया।
नवीन ने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर मादक पदार्थ माफिया के साथ मिलीभगत करने का आरोप लगाया। भगवा पगड़ी पहने नवीन ने यहां एकता स्थल से राज्यव्यापी नशा विरोधी यात्रा को रवाना किया और नारा दिया ‘भाजपा का नारा, नशा का संपूर्ण नाश’।
यात्रा को हरी झंडी दिखाने से पहले उन्होंने भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी को पुष्पांजलि अर्पित की।
उन्होंने नशे की समस्या से प्रभावित कुछ परिवारों से भी मुलाकात की। दूसरी यात्रा 19 सितंबर को फतेहगढ़ साहिब से शुरू होगी, जबकि तीसरी यात्रा 20 सितंबर को फाजिल्का और चौथी यात्रा 21 सितंबर को बठिंडा के तलवंडी साबो से शुरू होगी।
भाजपा सूत्रों ने बताया कि 13 दिन चलने वाली ये चारों यात्राएं पंजाब के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों में करीब 4,000 किलोमीटर की दूरी तय करेंगी और खासकर युवाओं के बीच नशे के खतरे के खिलाफ जागरुकता फैलाएंगी।
चारों यात्राओं के समापन पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 30 सितंबर को जालंधर में एक रैली को संबोधित करेंगे।
यात्रा को रवाना किए जाने के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए नवीन ने कहा कि पंजाब के लोग ‘उड़ता पंजाब’ नहीं, बल्कि ‘उभरता पंजाब’ चाहते हैं।
नवीन ने कहा, ‘‘अब समय आ गया है कि उन लोगों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जाए, जो अपने पद की शक्ति का इस्तेमाल भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने और पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति को खराब करने के लिए करते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं पटना से एक संदेश लेकर आया हूं-हमें इस नशा विरोधी अभियान को राज्य के हर कोने तक पहुंचाना है। हमें पंजाब को नशा मुक्त बनाना है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आज हम एक ऐसे दुश्मन का सामना कर रहे हैं, जो चुपचाप हमारे गांवों और घरों में प्रवेश करता है और धीरे-धीरे पूरे परिवार को अपनी चपेट में ले लेता है। यह दुश्मन नशा है और हमें इस अभिशाप को खत्म करना होगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं यहां केवल यात्रा को रवाना करने नहीं आया हूं, बल्कि इस संकल्प के साथ नशे के खिलाफ लड़ाई शुरू करने आया हूं कि हम इस समस्या को जड़ से खत्म करेंगे।’’
नवीन ने भगवंत मान सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह नशे की समस्या खत्म करने के लिए केवल ‘तारीख पर तारीख’ देती है, लेकिन जमीन पर कुछ नहीं होता।
इस अवसर पर भाजपा की पंजाब इकाई के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, सतीश पूनिया, तरुण चुग, सुनील जाखड़, मनप्रीत सिंह बादल, सौदान सिंह, राघव चड्ढा और इकबाल सिंह लालपुरा समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं प्रधानमंत्री का संदेश लेकर आया हूं कि इस अभियान की शुरुआत पंजाब की धरती से की जाए।’’
नवीन ने कहा, ‘‘जब मैं नशे से प्रभावित परिवारों से बातचीत कर रहा था तो मैंने पाया कि कुछ परिवारों ने अपने दो-दो बेटे खो दिए हैं, कुछ ने अपने पति खो दिए हैं और इन घरों में माताओं और बहनों की देखभाल करने वाला कोई नहीं है। एक पिता ने मुझे बताया कि उसने अपने दोनों बेटे खो दिए।”
उन्होंने कहा, ‘‘पंजाब भाजपा अध्यक्ष ने मुझे सुल्तानपुर लोधी की उस मां के दर्द के बारे में बताया, जिसने नशे के कारण अपने पांच बेटों को खो दिया। अब समय आ गया है कि उन माताओं के आंसू पोंछे जाएं…, हमें उन युवाओं को बचाना होगा जो नशे की चपेट में आ गए हैं।’’
नवीन ने गुलजार सिंह की मौत को लेकर भी आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा। गुलजार सिंह की सात सितंबर को कथित तौर पर जहर खाने से मौत हो गई थी।
गुलजार के परिवार ने आरोप लगाया है कि मौत से एक दिन पहले एक कार्यक्रम में उन्होंने क्षेत्र में नशे की आपूर्ति को लेकर पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा से सवाल पूछा था। परिवार के आरोप के मुताबिक, सवाल पूछने पर उन्हें परेशान किया गया और जातिसूचक टिप्पणियां की गईं।
नवीन ने कहा, ‘‘मैं ‘आप’ सरकार से कहना चाहता हूं कि गुलजार सिंह के दर्द को समझने के बजाय आपने उसे आत्महत्या करने के लिए मजबूर कर दिया। जो लोग अपनी आवाज उठाते हैं, आप उन्हें दबाने की कोशिश करते हैं। लेकिन जब पूरा पंजाब अपनी आवाज उठाएगा तो आप उसे दबा नहीं पाएंगे।’’
पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में भाजपा ने राज्य में नशे और ‘बिगड़ती’ कानून-व्यवस्था के मुद्दों को अपने चुनावी अभियान का आधार बनाने की योजना बनाई है।
भाषा संतोष शोभना
शोभना