पेशावर, 18 सितंबर (भाषा) पाकिस्तान के कोहाट जिले में पुलिस लाइन के निकट स्थित एक मस्जिद में जुमे की नमाज के दौरान शुक्रवार को किए गए आत्मघाती हमले में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई और 78 अन्य लोग घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह आत्मघाती विस्फोट खैबर पख्तूनख्वा की राजधानी पेशावर से लगभग 60 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में कोहाट जिले में स्थित पुरानी पुलिस लाइन के निकट बनी मस्जिद में किया गया।
पुलिस ने बताया कि मृतकों में ज्यादातर पुलिसकर्मी शामिल हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक हमलावर ने विस्फोटकों से लदे एक वाहन को मस्जिद परिसर में घुसा दिया, जिसके बाद हथियारबंद आतंकवादियों के साथ पुलिस की मुठभेड़ शुरू हो गई।
कोहाट के जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नासिर हुसैन ने कहा कि विस्फोट में 21 लोगों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतकों 16 पुलिसकर्मी और पांच नागरिक शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 78 अन्य लोग घायल हुए हैं।
एक आतंकवादी संगठन इत्तेहाद-उल-मुजाहिदीन पाकिस्तान ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। यह संगठन हाफिज गुल बहादुर समूह, हरकत इंकलाब-ए-इस्लामी पाकिस्तान और लश्कर-ए-इस्लाम का गठबंधन है, जिसका गठन अप्रैल 2025 में किया गया था।
खैबर पख्तूनख्वा के पुलिस महानिरीक्षक जुल्फिकार हामिद ने कहा कि विस्फोटकों से लदे एक वाहन को मस्जिद के द्वार से टकराया गया, जिससे विस्फोट हुआ और उसके बाद गोलीबारी शुरू हो गई।
उन्होंने कहा कि आतंकवादियों के साथ गोलीबारी के दौरान विशेष शाखा की इमारत में एक और आत्मघाती विस्फोट हुआ।
उन्होंने कहा कि विस्फोट शुक्रवार की नमाज के दौरान किया गया, जिससे मस्जिद के बाहर गड्ढा हो गया और उसका बाहरी हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसके अलावा एक दीवार भी ढह गई।
उन्होंने कहा कि घायलों में ज्यादातर नमाजी शामिल थे और घटनास्थल के वीडियो फुटेज में मस्जिद के अंदर नमाजियों के शव पड़े हुए दिखाई दिए।
अधिकारी ने कहा कि अब तक छह आतंकवादी मारे गए हैं, जिनमें आत्मघाती हमलावर भी शामिल हैं।
सुरक्षा अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा बलों और पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है।
‘रेस्क्यू 1122 खैबर पख्तूनख्वा’ के प्रवक्ता बिलाल अहमद फैजी के अनुसार, सूचना मिलने के तुरंत बाद बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच गए और उन्होंने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
उन्होंने कहा कि घायलों में से कई लोगों को प्रारंभिक इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया।
प्रवक्ता ने कहा कि बचाव दल घटनास्थल पर मौजूद हैं और स्थिति का आकलन कर रहे हैं।
राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस घटना की निंदा की है और कहा कि विदेश से प्रायोजित आतंकवादियों का पूरी तरह से खात्मा ‘‘राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए आवश्यक’’ है।
‘रेडियो पाकिस्तान’ की खबर के अनुसार शरीफ ने संबंधित अधिकारियों से इस घटना पर रिपोर्ट भी मांगी। उन्होंने अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।
भाषा
देवेंद्र संतोष
संतोष