नवीन ने डूसू चुनाव में एबीवीपी की ‘ऐतिहासिक’ जीत की सराहना की
नवीन ने डूसू चुनाव में एबीवीपी की ‘ऐतिहासिक’ जीत की सराहना की
नयी दिल्ली, 19 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ‘‘ऐतिहासिक’’ जीत की शनिवार को सराहना की। उन्होंने कहा कि यह जीत ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से जुड़ी सकारात्मक छात्र राजनीति में युवाओं के भरोसे को दर्शाती है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से संबद्ध एबीवीपी ने डूसू चुनाव में केंद्रीय पैनल के चार पद में से तीन पर जीत दर्ज की, जबकि एनएसयूआई का टिकट नहीं मिलने के बाद निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरे दीपांशु शौकीन ने उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल की।
कांग्रेस से संबद्ध भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) केंद्रीय पैनल के चार पद में से किसी पर भी जीत हासिल नहीं कर सका। एबीवीपी ने अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पदों पर जीत दर्ज की।
नवीन ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘डूसू चुनाव में एबीवीपी की ऐतिहासिक जीत पर दिल्ली विश्वविद्यालय के मेरे सभी युवा मित्रों को बधाई।’’
उन्होंने कहा कि यह जीत ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना पर आधारित सकारात्मक और रचनात्मक छात्र राजनीति में युवाओं के निरंतर भरोसे तथा ‘विकसित भारत’ के दृष्टिकोण में योगदान देने के उनके मजबूत संकल्प को दर्शाती है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘मेरी शुभकामनाएं विजयी उम्मीदवारों और इस जीत को संभव बनाने के लिए अथक मेहनत करने वाले सभी लोगों के साथ हैं।’’
अध्यक्ष पद के चुनाव में 24,576 वोट हासिल करने वाले एबीवीपी के यश डबास ने एनएसयूआई के विजय शंकर मीणा को 2,053 मतों के अंतर से हराया।
निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने 30,615 वोट हासिल कर उपाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। शौकीन को एनएसयूआई ने टिकट नहीं दिया था, जिसके बाद उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा।
सचिव पद के लिए चुनाव में एबीवीपी उम्मीदवार रिया छाबड़ी ने 21,650 वोट हासिल किए, जबकि एनएसयूआई उम्मीदवार नम्रता चौधरी को 14,869 वोट मिले।
संयुक्त सचिव पद पर एबीवीपी के उम्मीदवार लक्ष्य राज सिंह ने 16,615 वोट हासिल किए, जबकि समाजवादी छात्र सभा के उम्मीदवार विशेष यादव को 15,778 वोट मिले।
पिछले साल एबीवीपी ने अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पदों पर जीत दर्ज की थी, जबकि एनएसयूआई ने उपाध्यक्ष पद हासिल किया था।
भाषा
देवेंद्र सुरेश
सुरेश

Facebook


