नवीन ने बंगाल में निवेश अनुकूल वातावरण का वादा किया; तृणमूल शासन के दौरान पूंजी पलायन का आरोप

Ads

नवीन ने बंगाल में निवेश अनुकूल वातावरण का वादा किया; तृणमूल शासन के दौरान पूंजी पलायन का आरोप

  •  
  • Publish Date - September 28, 2026 / 03:41 PM IST,
    Updated On - September 28, 2026 / 03:41 PM IST

कोलकाता, 28 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन के दौरान पूंजी का पलायन हुआ और करीब 6,700 कंपनियां बंद हो गईं तथा उन्होंने जोर दिया कि राज्य में निवेश के लिए अनुकूल वातावरण बनाना भाजपा सरकार की प्राथमिकता होगी।

यहां ‘युवा संवाद कॉन्क्लेव’ को संबोधित करते हुए नवीन ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने पर ध्यान देगी।

उन्होंने कहा, ‘‘तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन के दौरान पश्चिम बंगाल में लगभग 6,700 कंपनियां बंद हो गईं… इस दौरान राज्य से पूंजी का पलायन हुआ। राज्य में भाजपा सरकार की प्राथमिकता निवेश लाने के लिए वातावरण बनाने की होगी।’’

भाजपा प्रमुख ने कहा कि 4 मई को पश्चिम बंगाल में ‘‘एक नयी सुबह’’ आई, जब विधानसभा चुनाव में भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस को हराया, और अब युवाओं की उम्मीदें पूरी होंगी।

नवीन ने युवाओं से जीवन में ‘शॉर्टकट’ से दूर रहने का आग्रह किया और लगन एवं निरंतरता के महत्व पर जोर दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं सभी युवाओं से आग्रह करूंगा कि वे जीवन में शॉर्टकट रास्ते से बचें। जीवन 100 मीटर की दौड़ नहीं, बल्कि एक लंबी दौड़ है, जिसमें ताकत और निरंतरता की परीक्षा होती है।’’

भाषा सुभाष अविनाश

अविनाश