मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में नवोदय विद्यालय की छात्रा ने की आत्महत्या: पुलिस

Ads

मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में नवोदय विद्यालय की छात्रा ने की आत्महत्या: पुलिस

  •  
  • Publish Date - November 21, 2024 / 08:21 PM IST,
    Updated On - November 21, 2024 / 08:21 PM IST

खंडवा, 21 नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में नवोदय विद्यालय की 18 वर्षीय एक छात्रा ने बृहस्पतिवार को छात्रावास के बाथरूम में कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया घटना पंधाना कस्बे में स्थित स्कूल परिसर में हुई।

उन्होंने बताया कि छात्रा सुबह करीब सात बजे बाथरूम में नहाने गई थी लेकिन जब वह काफी देर तक बाहर नहीं आई तो उसकी सहेलियों ने दरवाजा खटखटाया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

अधिकारी ने बताया कि अन्य लड़कियों ने वेंटिलेटर के माध्यम से अंदर देखा तो छात्रा का शव कपड़े के टुकड़े से लटका हुआ पाया गया।

पंधाना थाना प्रभारी दिलीप देव ने बताया कि शिक्षकों और छात्राओं ने किशोरी को नीचे उतारा और अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

अधिकारी ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि 12वीं कक्षा की छात्रा ने यह कदम क्यों उठाया।

उन्होंने बताया कि मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।

अधिकारी ने बताया कि कला संकाय में पढ़ने वाली छात्रा लखनपुर गांव की रहने वाली थी।

उन्होंने बताया कि छात्रा की मौत की सूचना मिलने के बाद उसके परिवार के सदस्य पंधाना पहुंचे।

देव ने बताया कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया और मामले की जांच जारी है।

भाषा सं दिमो जितेंद्र

जितेंद्र