एनबीईएमएस ने नीट-पीजी 2026 के नतीजे घोषित किए, श्रेणीवार कट-ऑफ अंक जारी

एनबीईएमएस ने नीट-पीजी 2026 के नतीजे घोषित किए, श्रेणीवार कट-ऑफ अंक जारी

एनबीईएमएस ने नीट-पीजी 2026 के नतीजे घोषित किए, श्रेणीवार कट-ऑफ अंक जारी
Modified Date: September 24, 2026 / 05:03 pm IST
Published Date: September 24, 2026 5:03 pm IST

नयी दिल्ली, 24 सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान परीक्षा बोर्ड (एनबीईएमएस) ने बृहस्पतिवार को नीट-पीजी 2026 के नतीजे घोषित कर दिये।

सामान्य और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम अर्हता ‘कट-ऑफ’ 262 अंक है, जो 50वें ‘पर्सेंटाइल’ के बराबर है।

सामान्य श्रेणी के मानक दिव्यांगता वाले उम्मीदवारों के लिए ‘कट-ऑफ’ 244 अंक (45वां ‘पर्सेंटाइल) है, जबकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग उम्मीदवारों (इन श्रेणियों के मानक दिव्यांगता वाले उम्मीदवारों सहित) के लिए ‘कट-ऑफ’ 226 अंक (40वां ‘पर्सेंटाइल) है।

एनबीईएमएस ने कहा कि राज्य कोटा सीटों के लिए अंतिम मेधा सूची और श्रेणीवार मेधा सूची संबंधित राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा उनकी पात्रता शर्तों, लागू दिशानिर्देशों और आरक्षण नीतियों के अनुसार तैयार की जाएंगी।

उम्मीदवारों के व्यक्तिगत स्कोरकार्ड एक अक्टूबर से एनबीईएमएस की वेबसाइट पर डाउनलोड किये जाने के लिए उपलब्ध होंगे।

एनबीईएमएस की वेबसाइट पर एक अक्टूबर या उसके बाद उत्तर कुंजी भी जारी की जाएगी, जिससे उम्मीदवार प्रश्न आईडी नंबर, सही उत्तर की आईडी, अपने दिए गए जवाब और हर सवाल के लिए मिले अंक को देख सकेंगे।

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातकोत्तर (नीट-पीजी) 2026 परीक्षा पूरे देश में 30 अगस्त को आयोजित की गई थी, जिसमें कुल 2,63,544 उम्मीदवार शामिल हुए थे। हालांकि, जयपुर के दो परीक्षा केंद्रों पर बिजली आपूर्ति बाधित हो जाने की वजह से परीक्षा पूरी न कर पाने वाले उम्मीदवारों के लिए 5 सितंबर को दोबारा परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें 2,416 उम्मीदवार शामिल हुए थे।

भाषा सुभाष देवेंद्र

देवेंद्र


लेखक के बारे में