खामेनेई की हत्या की निंदा नहीं करने पर नेकां सांसद मेहदी ने उमर अब्दुल्ला पर निशाना साधा

Ads

खामेनेई की हत्या की निंदा नहीं करने पर नेकां सांसद मेहदी ने उमर अब्दुल्ला पर निशाना साधा

  •  
  • Publish Date - March 2, 2026 / 08:21 AM IST,
    Updated On - March 2, 2026 / 08:21 AM IST

श्रीनगर, दो मार्च (भाषा) नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के सांसद आगा रुहुल्लाह मेहदी ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या की “निंदा” नहीं करने पर जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की आलोचना की।

मेहदी ने कहा कि अगर अब्दुल्ला खामेनेई की हत्या की निंदा करने का साहस नहीं दिखा सकते, तो खाड़ी देश ईरान की स्थिति पर उनकी चिंता के शब्द उन लोगों के लिए कोई मायने नहीं रखते जो ईरान के सर्वोच्च नेता का अनुसरण करते थे और उनका सम्मान करते थे।

मेहदी ने मुख्यमंत्री का नाम लिए बिना ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, “ट्वीट और बयान पढ़ने पर मुझे पता चला कि वह ‘चिंता’ तो जताते हैं, लेकिन निंदा तक नहीं करते; श्रद्धांजलि का एक शब्द भी नहीं कहते।”

श्रीनगर लोकसभा सीट से सांसद मेहदी ने कहा कि अगर अब्दुल्ला एक संप्रभु राष्ट्र के खिलाफ आक्रामकता की निंदा करने का साहस नहीं रखते, तो उन्हें अपनी चिंता अपने तक ही सीमित रखनी चाहिए। मेहदी के सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस से संबंधों में खटास देखी जाती रही है।

मेहदी ने कहा, “यदि आप एक संप्रभु राष्ट्र के विरुद्ध आक्रामकता के कृत्य और एक अत्यंत सम्मानित धार्मिक व्यक्ति की हत्या की निंदा करने का साहस नहीं जुटा सकते क्योंकि केंद्र में सत्ता में बैठे वे लोग नाराज हो जाएंगे जिनके साथ आप नजदीकी बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं तो ऐसे में अपनी ‘चिंता’ अपने तक ही रखें।”

मुख्यमंत्री ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत समेत ईरान में घट रही घटनाओं पर रविवार को गहरी चिंता व्यक्त की थी।

उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा था, “मैं सभी समुदायों से शांत रहने, शांति बनाए रखने और तनाव या अशांति पैदा करने वाले किसी भी कदम से बचने की अपील करता हूं।”

नेशनल कॉन्फ्रेंस ने पार्टी अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला के नाम से जारी बयान में अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमलों में खामेनेई की मौत की निंदा की।

पार्टी ने कहा, “(फारूक) अब्दुल्ला ने इस कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए इसे दुखद और अस्थिर करने वाली घटना बताया है, जिसके क्षेत्र में शांति और स्थिरता के लिए गंभीर परिणाम होंगे।”

भाषा खारी गोला

गोला