राकांपा(शप) के सांसदों ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की; महाराष्ट्र से जुड़े मुद्दों पर हुई चर्चा

Ads

राकांपा(शप) के सांसदों ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की; महाराष्ट्र से जुड़े मुद्दों पर हुई चर्चा

  •  
  • Publish Date - August 10, 2026 / 02:27 PM IST,
    Updated On - August 10, 2026 / 02:27 PM IST

नयी दिल्ली, 10 अगस्त (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और महाराष्ट्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

राकांपा(शप) के प्रतिनिधमंडल की अगुवाई पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले कर रही थीं।

प्रधानमंत्री के साथ बैठक में पार्टी के सभी आठ लोकसभा सदस्य मौजूद थे।

सुले ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘हमने महाराष्ट्र से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की है।’’

सूत्रों के मुताबिक, राकांपा(शप) के सांसदों ने प्रधानमंत्री के समक्ष अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से जुड़े मुद्दे उठाए जिनमें सूखे की स्थिति, प्याज की कीमतें और चंद्रभागा नदी में प्रदूषण आदि शामिल हैं।

करीब 15 मिनट तक हुई इस बैठक में विवादित विदेशी अंशदान विनियमन संशोधन विधेयक पर कोई चर्चा नहीं हुई।

सुले इस विधेयक के मौजूदा स्वरूप का विरोध करती रही हैं। शनिवार को उन्होंने कहा कि विदेशी अंशदान को हमेशा संदेह की नजर से नहीं देखा जा सकता और केंद्र से आग्रह किया कि या तो इसे वापस ले लिया जाए या इसे संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) को भेजा जाए।

राकांपा(शप) प्रमुख शरद पवार ने अपनी सांसद बेटी सुले के साथ 22 जुलाई को प्रधानमंत्री से मुलाकात की थी।

प्रधानमंत्री मोदी के साथ उस बैठक के बाद, पवार ने कहा था कि उन्होंने और सुले ने प्रधानमंत्री के साथ नीट प्रश्नपत्र लीक को लेकर छात्रों की मांगों, किसानों की समस्याओं, जल प्रबंधन और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

पवार ने ‘एक्स’ पर मराठी में एक पोस्ट में कहा था, ‘‘माननीय प्रधानमंत्री ने इन सभी मुद्दों पर सकारात्मक और ठोस कदम उठाने का आश्वासन दिया।’’

राकांपा(शप) विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा है।

भाषा सुभाष नरेश

नरेश