मणिपुर के मुख्यमंत्री ने राज्य में राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की

Ads

मणिपुर के मुख्यमंत्री ने राज्य में राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की

  •  
  • Publish Date - August 10, 2026 / 02:34 PM IST,
    Updated On - August 10, 2026 / 02:34 PM IST

इंफाल, 10 अगस्त (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने सोमवार को राज्य के राष्ट्रीय राजमार्गों पर कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की।

यह समीक्षा सभी समुदायों के लिए राजमार्गों को फिर से खोलने की योजना की घोषणा के कुछ दिनों बाद की गई है।

सिंह ने मुख्यमंत्री सचिवालय में संयुक्त मुख्यालय (यूनिफाइड कमांड) की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में मुख्य सचिव, सुरक्षा सलाहकार, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), गृह आयुक्त और राज्य पुलिस, असम राइफल्स, सेना तथा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि बैठक में राजमार्गों पर मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की गई और शांति तथा सामान्य आवाजाही को बाधित करने के किसी भी प्रयास को रोकने के उपायों पर चर्चा की गई।

यह बैठक सिंह के कांगपोकपी जिले के दौरे के दौरान राष्ट्रीय राजमार्गों को सभी समुदायों के लिए फिर से खोलने और इंफाल-गुवाहाटी बस सेवा बहाल करने की घोषणा के तीन दिन बाद हुई।

राज्य में मई 2023 में जातीय हिंसा भड़कने के बाद से एनएच-2 (इंफाल-दीमापुर) और एनएच-37 (इंफाल-सिलचर) पर यात्रियों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई है।

राज्य की प्रमुख जीवनरेखा माने जाने वाले एनएच-2 पर माल की आवाजाही भी प्रभावित हुई है। नगा संगठनों की ओर से लगायी गयी नाकेबंदी के कारण यह स्थिति बनी है। ये संगठन इस साल मई में हथियारबंद लोगों द्वारा समुदाय के छह सदस्यों की हत्या के मामले में न्याय की मांग कर रहे हैं।

सिंह ने कहा, ‘‘हमारी सरकार राजमार्गों पर यात्रियों और आवश्यक वस्तुओं की सुरक्षित, निर्बाध और सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। साथ ही, मणिपुर में शांति, स्थिरता और सामान्य स्थिति को मजबूत करने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।’’

भाषा तान्या नरेश

नरेश