राजग का लगातार तीसरी बार सत्ता में आना असम के लिए एक महान दिन है: प्रधानमंत्री मोदी
राजग का लगातार तीसरी बार सत्ता में आना असम के लिए एक महान दिन है: प्रधानमंत्री मोदी
गुवाहाटी, 12 मई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हिमंत विश्व शर्मा को लगातार दूसरी बार असम का मुख्यमंत्री बनने पर मंगलवार को बधाई दी और कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार का लगातार तीसरी बार सत्ता में आना ‘‘असम के लिए एक महान दिन’’ है।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘असम के लिए एक शानदार दिन! लगातार तीसरी बार राजग सरकार ने सत्ता संभाली है। डॉ. हिमंत विश्व शर्मा जी को शपथ ग्रहण की हार्दिक बधाई!’’
मोदी ने कहा कि ‘‘शर्मा ने एक ‘शानदार प्रशासक’ के रूप में अपनी पहचान बनाई है और राज्य के लिए अग्रणी कार्य किए हैं। आगामी कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं!’’
शर्मा ने पोस्ट का जवाब देते हुए कहा, ‘‘ जब हम नए जोश के साथ इस यात्रा की शुरुआत कर रहे हैं तो इस अवसर पर उपस्थित होने और टीम असम को आशीर्वाद देने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद!’’
उन्होंने कहा, ‘‘पिछले एक दशक में असम के विकास को गति देने में आपकी दूरदृष्टि और नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और आपके निरंतर सहयोग से हम इसी दिशा में आगे बढ़ते रहेंगे।’’
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, सरबानंद सोनोवाल, पवित्रा मार्गेरिटा, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री तथा पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन उपस्थित थे।
भाजपा के रामेश्वर तेली और अजंता नियोग, असम गण परिषद के अतुल बोरा और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के चरण बोरो सहित चार विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली।
शर्मा लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बने हैं और वह राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की तीसरी सरकार का नेतृत्व करेंगे।
राजग ने 126 सदस्यीय विधानसभा में रिकॉर्ड 102 सीट जीतकर सत्ता हासिल की, जिसमें अकेले भाजपा ने 82 सीट जीतीं जबकि उसके गठबंधन सहयोगी असम गण परिषद और बीपीएफ ने 10-10 सीट जीतीं।
भाषा अमित नरेश
नरेश

Facebook


