नीट पेपर लीक ‘घोर पाप’, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने देंगे : मोदी
नीट पेपर लीक ‘घोर पाप’, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने देंगे : मोदी
नयी दिल्ली, 21 जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नीट में गड़बड़ियों पर अपनी पहली टिप्पणी में मंगलवार को कहा कि पेपर लीक के ‘घोर पाप’ में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है ताकि कोई भी युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं कर सके।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सभी राज्य सरकारों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर केंद्र के साथ मिलकर काम करना चाहिए क्योंकि यह देश के हित का मामला है। उन्होंने राजग सांसदों से यह भी कहा कि उन्हें लोगों के साथ प्यार और स्नेह के साथ जुड़े रहना चाहिए तथा ‘‘युवाओं का भरोसा’’ जीतने की ज़रूरत है।
मोदी यहां राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) संसदीय दल की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
इन टिप्पणियों को युवाओं को शांत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
यह बैठक नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेतृत्व में हजारों छात्रों के ‘चलो संसद’ मार्च और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के एक दिन बाद हुई।
मंगलवार को आयोजित इस बैठक का नाम ‘मंगल मिलन’ रखा गया था। बैठक के बाद केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने संवाददाताओं को बताया कि प्रधानमंत्री ने सांसदों से कहा कि प्रश्नपत्र लीक की खबर सामने आते ही सरकार ने तत्काल कार्रवाई की और 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
रीजीजू ने कहा, ‘‘साथ ही प्रधानमंत्री ने कहा कि छात्रों का भविष्य प्रभावित न हो, इसलिए नीट की पुनर्परीक्षा को प्राथमिकता दी गई, उसका सफलतापूर्वक आयोजन कराया गया और परिणाम भी बिना किसी देरी के घोषित किए गए।’’
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भविष्य में इस तरह की प्रश्नपत्र लीक की घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए गए हैं।
रीजीजू के अनुसार, प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रश्नपत्र लीक मामले में शामिल लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि प्रश्नपत्र लीक मामले के दोषियों को देश के शीर्ष विधि विशेषज्ञों की सहायता से यथासंभव कड़ी सजा दिलाई जानी चाहिए, ताकि ऐसे गंभीर अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ नजीर पेश करने वाली कार्रवाई हो और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
रीजीजू ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य से कोई खिलवाड़ न कर सके, इसके लिए सख्त कार्रवाई की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में प्रश्नपत्र लीक की घटनाएं रोकने के लिए सभी राज्य सरकारों और केंद्र सरकार को दलगत भावना से ऊपर उठकर, मिलकर काम करना होगा। यह राजनीति का नहीं, बल्कि राष्ट्रीय हित का विषय है।’’
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने दोषियों को दंडित करने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मजबूत एवं त्रुटिरहित व्यवस्था विकसित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
संसदीय मामलों के मंत्री रीजीजू ने कहा कि प्रधानमंत्री ने बैठक में मौजूद सभी सांसदों का मार्गदर्शन किया।
बैठक की शुरुआत में हाल में राज्यसभा के लिए निर्वाचित भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन सहित नए सदस्यों को बधाई दी गई और संसद में उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी गईं।
उन्होंने कहा कि बैठक अत्यंत उपयोगी रही, जिसमें प्रधानमंत्री ने पिछले कुछ महीनों में देश की उपलब्धियों का उल्लेख किया और विभिन्न देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) की भी जानकारी दी।
रीजीजू के अनुसार, मुक्त व्यापार समझौतों पर प्रधानमंत्री ने सांसदों को आश्वस्त किया कि किसानों के हित सर्वोच्च प्राथमिकता रहेंगे और इन समझौतों से उनका कोई नुकसान नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि किसी भी देश के साथ होने वाले मुक्त व्यापार समझौते में किसानों का कल्याण सर्वोपरि रहेगा और सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि ये समझौते किसानों और देश, दोनों के सर्वोत्तम हित में हों।
रीजीजू ने कहा कि राजग मानसून सत्र के दौरान रचनात्मक भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘हम राष्ट्रहित में लाए जाने वाले सभी महत्वपूर्ण विधेयकों को पारित कराने के लिए एकजुट हैं। हम विपक्षी दलों से भी अपील करते हैं कि मतभेद होने के बावजूद वे देश, उसके भविष्य और युवाओं के हित में सहयोग करें।’’
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सदस्य तरुण चुघ ने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस बात पर ज़ोर दिया कि देश हमेशा सबसे पहले आना चाहिए और सांसदों से देश की तरक्की और खुशहाली के लिए काम करने को कहा।
भाजपा सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने बताया कि प्रधानमंत्री ने सांसदों को सलाह दी कि वे लोगों के बीच जाएं और उनसे स्नेह के साथ जुड़े रहें।
बैठक से पहले, भाजपा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रधान सेवक के शरीर का कण-कण, समय का पल-पल… आपके बच्चों के भविष्य के लिए समर्पित!’’
भाजपा ने ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री का एक वीडियो क्लिप भी पोस्ट किया जिसमें उनके एक पुराने भाषण का एक हिस्सा था। उस वीडियो में उन्हें यह कहते हुए सुना जा सकता था, ‘‘मोदी कड़ी मेहनत करते हैं ताकि जब आप 40-45 साल के हों, जब आपके बच्चे बड़े हो रहे हों, तो आप उन्हें विकसित भारत में बड़ा होते हुए देख सकें। इसीलिए मैं अपना जीवन इस काम के लिए समर्पित कर रहा हूँ।’
भाषा अविनाश मनीषा अविनाश नरेश
नरेश

Facebook


