नीट प्रश्नपत्र लीक: अदालत ने पांच आरोपियों की न्यायिक हिरासत 15 जून तक बढ़ाई
नीट प्रश्नपत्र लीक: अदालत ने पांच आरोपियों की न्यायिक हिरासत 15 जून तक बढ़ाई
नयी दिल्ली, दो जून (भाषा) दिल्ली की एक अदालत ने मंगलवार को नीट प्रश्न पत्र लीक मामले में पांच आरोपियों की न्यायिक हिरासत 15 जून तक बढ़ा दी।
विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता ने जयपुर से गिरफ्तार किए गए मांगीलाल खटीक, विकास बिवाल और दिनेश बिवाल, गुरुग्राम से गिरफ्तार किए गए यश यादव और महाराष्ट्र के अहिल्यानगर से गिरफ्तार किए गए धनंजय लोखंडे की न्यायिक हिरासत बढ़ाने की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की याचिका को स्वीकार कर लिया।
इससे पहले 20 मई को उन्हें दो जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
इस बीच, आरोपी यादव के वकील ने कहा कि अदालत ने उनके मुवक्किल की नीट की दोबारा परीक्षा की तैयारी के लिए किताबें मांगने वाली अर्जी को स्वीकार कर लिया है।
सोमवार को भौतिकी की व्याख्याता मनीषा संजय हवलदार, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मनोज शिरुरे और भौतिकी के शिक्षक तेजस हर्षदकुमार शाह को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
सीबीआई ने इस मामले में 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए तीन मई को आयोजित राष्ट्रीय योग्यता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) को प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के बाद 12 मई को रद्द कर दिया था। यह परीक्षा 21 जून को फिर से निर्धारित की गई है।
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप

Facebook


