उत्तराखंड में कड़ी सुरक्षा में हुई नीट-यूजी पुनर्परीक्षा
उत्तराखंड में कड़ी सुरक्षा में हुई नीट-यूजी पुनर्परीक्षा
देहरादून, 21 जून (भाषा) उत्तराखंड में रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में नीट-यूजी की पुनर्परीक्षा संपन्न हुई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा के सुरक्षित, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित संचालन के लिए पुलिस ने कड़े इंतजाम किए थे जिसके तहत देहरादून स्थित ‘राज्य स्तरीय एनटीए परीक्षा नियंत्रण कक्ष’ के जरिए सतत निगरानी की गयी।
देहरादून में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने स्वयं परीक्षा केंद्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया जहां परीक्षा के लिए 16 केंद्र बनाए गए थे।
परीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारियों द्वारा भी अपने-अपने क्षेत्र में परीक्षा केंद्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू की गई थी।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के महानिदेशक के निर्देश पर देहरादून के अपर जिलाधिकारी कृष्ण कुमार मिश्रा ने इस संबंध में आदेश जारी किया था।
भाषा दीप्ति शफीक
शफीक

Facebook


