नेहा धूपिया, आदिल हुसैन अभिनीत फिल्म ‘52 ब्लू’ आईएफएफएम में प्रदर्शित होगी
नेहा धूपिया, आदिल हुसैन अभिनीत फिल्म ‘52 ब्लू’ आईएफएफएम में प्रदर्शित होगी
नयी दिल्ली, तीन अगस्त (भाषा) अभिनेत्री नेहा धूपिया और अभिनेता आदिल हुसैन अभिनीत फिल्म ‘52 ब्लू’ मेलबर्न के भारतीय फिल्म महोत्सव में प्रदर्शित होगी।
फिल्म के निर्देशन अली एल अरबी हैं। इसकी कहानी आशीष (यादव शशिधर) नामक एक युवा फुटबॉल प्रेमी के इर्द-गिर्द घूमती है जो अपनी मां के समर्थन से कोच्चि में अपने एकाकी जीवन से निकलकर 2022 के फीफा विश्व कप के दौरान कतर की यात्रा करता है, ताकि अपने आदर्श खिलाड़ी लियोनेल मेसी से मिल सके।
धूपिया ने एक बयान में कहा, ‘‘मैं बेहद आभारी हूं कि ‘52 ब्लू’ मेलबर्न में भारतीय फिल्म महोत्सव में दिखायी जाएगी। हर फिल्म की अपनी एक यात्रा होती है लेकिन कुछ कहानियां एक कलाकार के रूप में आप पर गहरी छाप छोड़ जाती हैं और ‘52 ब्लू’ निश्चित रूप से उन्हीं में से एक है। यह बेहद भावनात्मक और ईमानदार कहानी है, जो कैमरा बंद होने के बाद भी लंबे समय तक मेरे साथ बनी रही।’’
अभिनेत्री ने कहा कि वह चाहती हैं कि यह फिल्म दर्शकों के दिलों को छुए और उनसे गहरा जुड़ाव स्थापित करे।
उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय फिल्म महोत्सव मेलबर्न ने हमेशा विविध आवाजों और सार्थक कहानियों का सम्मान किया है। ऐसे प्रतिष्ठित मंच पर ‘52 ब्लू’ का प्रदर्शन हमारी पूरी टीम के लिए बेहद गर्व की बात है। मैं ऑस्ट्रेलिया के दर्शकों के साथ इस अनुभव को साझा करने और उनकी प्रतिक्रियाएं जानने को लेकर उत्साहित हूं।’’
भाषा सुरभि रंजन
रंजन

Facebook


