इडुक्की (केरल), 17 अप्रैल (भाषा) कांजीकुझी में एक संपत्ति विवाद के कारण एक व्यक्ति ने अपने 25 वर्षीय पड़ोसी की कथित तौर पर धारदार हथियार से हत्या कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
मृतक की पहचान कांजीकुझी में अलप्परा के चुरुलिपथल के निवासी राजन उर्फ कुट्टप्पयी के रूप में की गई है।
पुलिस ने शुक्रवार सुबह आरोपी अनूप को गिरफ्तार कर लिया।
कांजीकुझी थाने के अधिकारियों के मुताबिक दोनों परिवारों के बीच अपनी अपनी संपत्तियों की चारदीवारी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
बृहस्पतिवार रात करीब 9 बजे अनूप कथित तौर पर धारदार हथियार लेकर राजन के घर पहुंच गया और बाड़ लगाने के लिए लाए गए सीमेंट के खंभों के बारे में सवाल करने लगा।
पुलिस के मुताबिक बहस हाथापाई में बदल गयी जिसमें अनूप ने कथित तौर पर राजन पर धारदार हथियार से वार किया।
दोनों के बीच बीचबचाव करने वाली राजन की मां मोहिनी पर भी हमला किया गया और उसे भी चोटें आईं।
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद अनूप मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने राजन को अस्पताल पहुंचाया जहां उसने दम तोड़ दिया।
अधिकारियों के मुताबिक घटना के संबंध में मामला दर्ज किया गया और आरोपी को तड़के करीब 4 बजे पास के एक घर से गिरफ्तार कर लिया गया।
भाषा नरेश
नरेश