चेन्नई, 16 मार्च (भाषा) सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री एल. मुरुगन ने सोमवार को कहा कि नेपाल में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले तमिलनाडु के सात तीर्थयात्रियों के शव 17 मार्च को दिल्ली लाये जायेंगे।
मुरुगन ने कहा कि बस दुर्घटना के बाद उन्होंने नेपाल स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क किया और उन्हें बताया गया कि शवों को मंगलवार को नयी दिल्ली ले जाया जायेगा।
इस दुर्घटना में तमिलनाडु के सात तीर्थयात्रियों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हुए हैं।
उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “दुर्घटना में जान गंवाने वालों के शवों को कल दिल्ली लाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। दिल्ली से तीर्थयात्रियों के इन शव उनके गृह नगर पहुंचाये जायेंगे।”
उन्होंने कहा, “मैं यह भी बताना चाहता हूं कि अस्पताल में उपचार करा रहे लोगों को भारतीय दूतावास के माध्यम से सभी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं।”
तमिलनाडु के पोलाची और देवकोट्टई से 25 लोगों का एक जत्था तीर्थयात्रा पर नेपाल गया था। नेपाल के मनोकामना मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद 14 मार्च को लौटते समय इन लोगों को लेकर जा रही बस एक घाटी में गिर गई।
इस हादसे में पांच महिलाओं समेत सात लोगों की मृत्यु हो गई। कई अन्य घायल हुए, जिनका चितवन के सरकारी अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
इस बीच, उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने नेपाल में हुई बस दुर्घटना पर गहरा दुख जताया।
भाषा
खारी राजकुमार
राजकुमार