तिरुचिरापल्ली (तमिलनाडु), 21 अप्रैल (भाषा) मक्कल नीधि मय्यम (एमएनएम) के प्रमुख और अभिनेता कमल हासन ने कहा कि वह बचपन में तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम जी रामचंद्रन (एमजीआर) और तमिल सिनेमा के दिग्गज अभिनेता ‘शिवाजी’ गणेशन की गोद में बैठा करते थे लेकिन उन्होंने कभी इस बात का फायदा नहीं उठाया।
हासन की इस टिप्पणी को अभिनेता से नेता बने विजय द्वारा खुद को ‘‘एमजीआर का उत्तराधिकारी’’ बताने की कोशिशों पर कटाक्ष के रूप में देखा जा रहा है।
हासन ने तिरुचिरापल्ली पूर्व विधानसभा क्षेत्र से द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के उम्मीदवार इनिगो एस इरुदयाराज के लिए सोमवार रात प्रचार किया। इरुदयाराज के साथ हासन ने तिरुचिरापल्ली में रैली निकाली और लोगों से द्रमुक के चुनाव चिह्न ‘उगता सूरज’ के पक्ष में मतदान करने की अपील की। विजय भी तिरुचिरापल्ली पूर्व सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
हासन ने विजय की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘यहां से दूसरे उम्मीदवार की तरह मैंने भी बहुत कम उम्र में सिनेमा में प्रवेश किया और मैं सिनेमा की सभी हस्तियों को जानता हूं, लेकिन मैंने कभी उसका फायदा नहीं उठाया। मैं एमजीआर और शिवाजी (गणेशन) की गोद में बैठा करता था, लेकिन मैंने इस बात का फायदा नहीं उठाया। वास्तव में, एमजीआर मुझे बहुत पसंद करते थे।’’
हाल में जब विजय यहां प्रचार के लिए आए थे, तब उन्होंने एमजीआर की प्रतिमा के पास रुककर तस्वीर खिंचाई थी।
हासन ने कहा कि उनमें अनुशासन केवल इसलिए है क्योंकि उन्हें बहुत अच्छे शिक्षक मिले। उन्होंने लोगों से बच्चों को उनका इतिहास बताने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा, ‘‘बच्चों को बताइए कि यह ‘उगता सूरज’ कहां से आया और इसका उदय कैसे हुआ।’’
विजय जहां भी जाते हैं, वहां भीड़ उमड़ पड़ती है, हासन ने इस विचार का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘हमने कोयंबटूर में एक विशाल सभा की, जिसमें 1.5 लाख लोग शामिल हुए।’’
भाषा
सिम्मी मनीषा
मनीषा