नयी दिल्ली, 21 जुलाई (भाषा) भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस से पहले लेखिका प्रिया हजेला का नया उपन्यास बाजार में आने वाला है। यह कई पीढ़ियों की कहानियों पर आधारित किताब है जो लगभग एक सदी के इतिहास को समेटे हुए है। इसमें अंग्रेज़-सिख युद्ध, 1857 का संग्राम, कोमागाटामारू घटना, स्वतंत्रता आंदोलन और देश के विभाजन के दौर से गुज़रने वाले एक सिख परिवार की कहानी है।
‘स्पीकिंग टाइगर बुक्स’ द्वारा प्रकाशित यह पुस्तक ‘फॉर हूज़ डियर सेक आवर फादर्स डाइड’ इसी महीने बाजार में आने वाली है। यह किताब अंग्रेजों और सिख समुदाय के बीच के उन जटिल संबंधों की पड़ताल करती है जो निर्भरता, वफादारी, विश्वासघात और स्मृतियों से बने थे।
‘लेडीज टेलर’ पुस्तक की लेखिका प्रिया हजेला ने कहा, ‘… इस किताब में मैंने उन पुरुषों के बारे में लिखा है जो अपेक्षा के अनुसार नेतृत्व करते हैं और उन महिलाओं के बारे में जो ज़िम्मेदारी उठाती हैं, हौसला बढ़ाती हैं और अचंभित करती हैं।’
उन्होंने कहा, ‘यह उन पुरुषों और महिलाओं की कहानियां हैं जिन्हें इतिहास भूल गया।’
कहानी के केंद्र में बेअंत कौर हैं जो अपने परिवार को पीढ़ियों से चली आ रही कहानियों से अवगत कराती हैं।
यह किताब ऑनलाइन अग्रिम बुकिंग के लिए उपलब्ध है।
भाषा सुमित अविनाश
अविनाश