तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेड्डी ने राहुल और प्रियंका को हिरासत में लिए जाने की निंदा की

Ads

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेड्डी ने राहुल और प्रियंका को हिरासत में लिए जाने की निंदा की

  •  
  • Publish Date - July 21, 2026 / 11:31 PM IST,
    Updated On - July 21, 2026 / 11:31 PM IST

हैदराबाद, 21 जुलाई (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आवास के बाहर धरना देने के बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाद्रा और अन्य कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिए जाने की मंगलवार को निंदा की।

रेड्डी ने कहा कि यह लोकतांत्रिक विरोध के अधिकार पर हमला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरा कांग्रेस परिवार और देश युवाओं के साथ मजबूती से खड़ा है, जो केंद्र सरकार से जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।

उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘आप हमें जेल में डाल सकते हैं, दबाने की कोशिश कर सकते हैं लेकिन न्याय और जवाबदेही के लिए लड़ रहे लाखों युवाओं के गुस्से को नहीं दबा सकते।’’

इससे पहले रेड्डी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा था, ‘‘भारत की उम्मीद, राहुल गांधी, भारत के भविष्य के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं और प्रधानमंत्री मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा देशभर में ‘‘प्रदर्शन कर रहे’’ युवाओं को प्रोत्साहित कर रहे हैं और उन्हें पूरा समर्थन दे रहे हैं।

रेवंत रेड्डी ने कहा, ‘‘हम भारत के युवाओं के साथ हैं। कांग्रेस का हाथ, युवाओं के साथ।’’

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा ने मंगलवार को खरगे तथा कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रधानमंत्री के लोक कल्याण मार्ग स्थित आवास के बाहर धरना दिया और प्रधानमंत्री मोदी के इस्तीफे की मांग की।

करीब 20 मिनट बाद प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह प्रदर्शन स्थल पर राहुल गांधी से मिलने पहुंचे और उनसे धरना समाप्त करने का आग्रह किया।

राहुल गांधी ने खरगे, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार, केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन और कई कांग्रेस सांसदों के साथ प्रधानमंत्री आवास के बाहर नारेबाजी की।

भाषा

राखी रंजन

रंजन