नई सरकार जनता से किए गए वादे पूरे करे : वाइको

Ads

नई सरकार जनता से किए गए वादे पूरे करे : वाइको

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 01:44 PM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 01:44 PM IST

चेन्नई, पांच मई (भाषा) एमडीएमके प्रमुख वाइको ने मंगलवार को कहा कि जनता से किए गए वादों और कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने की जिम्मेदारी अब चुनाव में विजयी हुई पार्टी की है।

एमडीएमके ने द्रमुक-नीत धर्मनिरपेक्ष प्रगतिशील गठबंधन (एसपीए) के तहत चार विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ा था।

द्रमुक के प्रमुख एम. के. स्टालिन से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में वाइको ने कहा कि अब यह “विजयी” दल का दायित्व है कि वह उन सभी कल्याणकारी योजनाओं को जारी रखे, जो पहले द्रमुक सरकार द्वारा लागू की जा रही थीं। उन्होंने कहा, “मुझे उम्मीद है कि वे इसे जारी रखेंगे।”

टीवीके को सरकार बनाने के लिए एसपीए के दलों के समर्थन पर पूछे गए सवाल पर वाइको ने कहा कि गठबंधन पूरी तरह एकजुट है और उसकी एकता समय-समय पर साबित हुई है। उन्होंने भरोसा जताया कि गठबंधन स्थिर रहेगा और कोई भी दल इसे कमजोर करने की कोशिश नहीं करेगा।

चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, “लोकतंत्र में जनता के फैसले का सम्मान करना चाहिए। मैं इस जनादेश का सम्मान करता हूं।”

भाषा मनीषा वैभव

वैभव