नव केरल सदास के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमले को लेकर नयी सरकार कड़ी कार्रवाई करेगी : थॉमस
नव केरल सदास के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमले को लेकर नयी सरकार कड़ी कार्रवाई करेगी : थॉमस
तिरुवनंतपुरम, 12 मई (भाषा) अलप्पुझा के नवनिर्वाचित कांग्रेस विधायक ए डी थॉमस ने मंगलवार को कहा कि संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार के सत्ता संभालने के बाद 2023 के नव केरल सदास के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के सुरक्षाकर्मियों द्वारा उन पर तथा अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं पर कथित रूप से किये गये हमले के मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
थॉमस ने यहां पत्रकारों से कहा कि यूडीएफ मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण करने के तुरंत बाद शिकायत दर्ज कर इस मामले की फिर से जांच करने एवं उपयुक्त कार्रवाई करने की मांग की जायेगी।
उन्होंने कहा कि मामले की पुन: जांच आवश्यक है, क्योंकि पुलिस ने शुरू में शिकायत पर ध्यान ही नहीं दिया और जब अदालत ने हस्तक्षेप किया तब आगे की कार्रवाई की गई।
उन्होंने कहा कि लेकिन जांच के बाद पुलिस ने अदालत को एक रिपोर्ट सौंपी जिसमें कहा गया कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई थी।
केरल छात्र संघ (केएसयू) के पूर्व नेता थॉमस ने दावा किया कि पूरी दुनिया को समाचारों के माध्यम से इस घटना की जानकारी मिली।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने फिर अदालत का रुख किया, जिसने पुन: जांच का आदेश दिया। लेकिन वह जांच अभी तक किसी परिणति तक नहीं पहुंची है। यूडीएफ सरकार के सत्ता में आने के बाद अदालत को एक रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। उसके बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।’’
नव केरल सदास 2023 में वाममोर्चा सरकार का जनसंपर्क कार्यक्रम था। इस कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस, उसके युवा और छात्र संगठनों ने व्यापक विरोध प्रदर्शन किया था। इन संगठनों ने तत्कालीन मुख्यमंत्री विजयन और उनके सहयोगियों को काले झंडे दिखाये थे।
टीवी चैनलों पर प्रसारित दृश्यों के अनुसार ऐसी ही एक घटना में अलप्पुझा में विजयन के सुरक्षाकर्मियों ने कांग्रेस और केएसयू के कार्यकर्ताओं पर कथित तौर पर हमला किया था, क्योंकि उन्होंने विजयन को काले झंडे दिखाये गये। प्रदर्शनकारियों में थॉमस भी थे।
भाषा राजकुमार अविनाश
अविनाश

Facebook


