गांधीनगर, 11 अगस्त (भाषा) गुजरात की मंजलपुर सीट पर हाल में संपन्न उपचुनाव में जीत दर्ज करने वाले भाजपा नेता सतीश पटेल ने मंगलवार को गांधीनगर में राज्य विधानसभा के सदस्य के तौर पर शपथ ली।
गुजरात विधानसभा के अध्यक्ष शंकर चौधरी ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और राज्य के अन्य मंत्रियों की मौजूदगी में पटेल को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
बाद में मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “मैंने इस मौके पर पटेल को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।”
गुजरात में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उपचुनाव में वडोदरा जिले की मंजलपुर विधानसभा सीट बरकरार रखी। पार्टी उम्मीदवार सतीश पटेल ने कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व मंत्री भीखाभाई रबारी को 30,630 मतों के अंतर से हराया।
दो जून को भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री योगेश पटेल के निधन के बाद मंजलपुर में उपचुनाव जरूरी हो गया था। क्षेत्र में उपचुनाव के लिए वोट 30 जुलाई को डाले गए थे।
भाषा पारुल नरेश
नरेश