नयी दिल्ली, 11 अगस्त (भाषा) पुणे में बुधवार से शुरू होने वाली 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर महिला राष्ट्रीय चैम्पियनशिप 2026 में तीन वर्गों में कुल 30 टीमें भाग लेंगी।
यह टूर्नामेंट 23 अगस्त तक चलेगा, जिसमें टीमों को डिवीजन ए, डिवीजन बी और डिवीजन सी में रखा गया है। इस प्रतियोगिता में टीमें न केवल खिताब के लिए बल्कि अपने से ऊपर वाले डिवीजन में पहुंचने का भी प्रयास करेंगी।
डिवीजन ए में 12 टीमें हैं जिन्हें चार पूल में विभाजित किया गया है। पूल ए में झारखंड, पंजाब और चंडीगढ़, पूल बी में हरियाणा, ओडिशा और बंगाल, पूल सी में उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और मणिपुर तथा पूल डी में छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और हिमाचल प्रदेश शामिल हैं।
डिवीजन ए की 12 टीमें प्रतिष्ठित राष्ट्रीय चैम्पियनशिप खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी। इस डिवीजन में 11वें और 12वें स्थान पर रहने वाली टीमें अगली प्रतियोगिता के लिए डिवीजन बी में खिसक जाएंगी।
डिवीजन बी में शामिल 10 टीमों को दो पूल में बांटा गया है। पूल ए में आंध्र प्रदेश, असम, दिल्ली, केरल और मिजोरम जबकि पूल बी में कर्नाटक, उत्तराखंड, तमिलनाडु, बिहार और गोवा शामिल हैं। इस डिवीजन की शीर्ष दो टीमें डिवीजन ए में पहुंच जाएंगी, जबकि सबसे नीचे की दो टीमें डिवीजन सी में खिसक जाएंगी।
डिवीजन सी में शामिल आठ टीमों को दो पूल में बांटा गया है। पूल ए में अरुणाचल प्रदेश, दादरा और नगर हवेली, दमन और दीव (राजस्थान) और त्रिपुरा, जबकि पूल बी में पुडुचेरी, गुजरात, जम्मू और कश्मीर और तेलंगाना की टीमें शामिल हैं। इस श्रेणी की शीर्ष दो टीमें अगली प्रतियोगिता के लिए डिवीजन बी में प्रवेश करेंगी।
भाषा पंत सुधीर
सुधीर