तिहाड़ जेल में कैदी के यौन शोषण संबंधी खबरों पर एनएचआरसी ने दिल्ली सरकार को नोटिस जारी किया

तिहाड़ जेल में कैदी के यौन शोषण संबंधी खबरों पर एनएचआरसी ने दिल्ली सरकार को नोटिस जारी किया

तिहाड़ जेल में कैदी के यौन शोषण संबंधी खबरों पर एनएचआरसी ने दिल्ली सरकार को नोटिस जारी किया
Modified Date: January 2, 2023 / 06:57 pm IST
Published Date: January 2, 2023 6:57 pm IST

नयी दिल्ली, दो जनवरी (भाषा) तिहाड़ जेल में कैदियों द्वारा एक साथी कैदी का यौन उत्पीड़न किये जाने संबंधी खबरों को लेकर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने दिल्ली सरकार और कारागार महानिदेशक को नोटिस जारी किया है। अधिकारियों ने सोमवार को इस बारे में जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने मामले की जांच के लिए अपनी टीम को मौके पर भेजने का फैसला किया है।

मानवाधिकार आयोग द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, तिहाड़ जेल में साथी कैदियों द्वारा 22 वर्षीय एक कैदी का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किये जाने को लेकर 30 दिसंबर को मीडिया में आयी खबरों पर एनएचआरसी ने स्वत: संज्ञान लिया है।

बयान के अनुसार, पीड़ित कैदी का इलाज चल रहा है।

एनएचआरसी ने कहा कि अगर मीडिया में आयी खबर सही है, तो यह पीड़ित के जीवन और गरिमा के अधिकार का उल्लंघन है।

दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव और कारागार महानिदेशक को जारी नोटिस के अनुसार, आयोग ने चार सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट तलब किया है।

बयान में कहा गया है कि रिपोर्ट में पीड़ित के स्वास्थ्य की मौजूदा स्थिति, दोषी अधिकारियों और आरोपी कैदियों के खिलाफ की गई कार्रवाई के साथ-साथ भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए कदम और उठाए जाने वाले कदम के बारे में जानकारी देने को कहा गया है।

भाषा अर्पणा दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में